नई दिल्ली: लंबे समय से मंदिरों से साईं बाबा की मूर्ति हटाने की वकालत करने वाले द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने सूखे के लिए साईं पूजा को जिम्मेदार ठहरा दिया है। हरिद्वार में स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने कहा है कि, जब भी गलत लोगों की पूजा होने लगती है तब सूखे औऱ अकाल मौत जैसे हालात बनते हैं। वहीं शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर उन्होंने कहा कि अब महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ेंगे।
स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने कहा कि, "साईं एक फकीर थे और वो अमंगलकारी थे..जो पूजा करने लायक नहीं हैं और जब उनकी पूजा होती है तब आपदा आती है। इन जगहों पर सूखा, बाढ़ और अकाल मौत होती हैं और महाराष्ट्र में ये सबकुछ हो रहा है। शनि शिंगणापुर मंदिर में महिलाओं का प्रवेश भी दुर्भाग्य साबित होगा। शनि एक क्रूर ग्रह है और उसकी पूजा से महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ेंगे।
स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने 2 दिन पहले भी साईं बाबा पर हमला बोलते हुए कहा था कि मध्य प्रदेश में लोग साईं को अधिक मानने लगे हैं इसलिए आज यहां भी अकाल के हालात हैं।
पिछले साल शंकराचार्य ने एक पोस्टर जारी किया था जिसमें हनुमान जी साईं बाबा को पीट रहे हैं और साईं बाबा कह रहे है कि वो पाकिस्तान जा रहे हैं। उन्होंने कहा था, मुझे साईं बाबा से विरोध नहीं है, बल्कि उनके नाम पर हो रहे पाखंड से है। उन्होंने कहा था, साईं के नाम पर मंदिर बनाकर लाखों और करोड़ों रुपये बनाये जा रहे हैं।
शंकराचार्य के साईं के खिलाफ बयानबाजी के बाद कई साई भक्तों का उन पर गुस्सा भी फूटा और जगह-जगह प्रदर्शन भी हुए।