1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तेलंगाना में कोरोना वायरस के 1718 नए केस, आठ मरीजों की मौत

तेलंगाना में कोरोना वायरस के 1718 नए केस, आठ मरीजों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 03, 2020 03:03 pm IST,  Updated : Oct 03, 2020 03:03 pm IST

तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,718 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1.97 लाख हो गई। वहीं संक्रमण से आठ और लोगों की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या 1,153 हो गई।

तेलंगाना में कोरोना वायरस के 1718 नए केस, आठ मरीजों की मौत- India TV Hindi
तेलंगाना में कोरोना वायरस के 1718 नए केस, आठ मरीजों की मौत Image Source : AP

हैदराबाद: तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,718 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1.97 लाख हो गई। वहीं संक्रमण से आठ और लोगों की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या 1,153 हो गई। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) में सबसे ज्यादा 285 नए मामले सामने आए हैं, इसके बाद रंगारेड्डी में 129 और मेडचल मल्काजगिरि में 115 मामले सामने आए हैं। अब तक इस वायरस के संक्रमण से 1.67 लाख लोग मुक्त हो चुके हैं और 28,328 लोगों का इलाज चल रहा है। 

स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया गया है कि दो अक्टूबर को 49,084 नमूनों की जांच हुई। अब तक कुल 31.53 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है। प्रति 10 लाख जनसंख्या पर जांचे गए नमूनों की संख्या 84,729 है। राज्य में संक्रमण से मृत्यु दर 0.58 फीसदी है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 1.6 फीसदी है। तेलंगाना में स्वस्थ होने की दर 85.05 फीसदी है।

वहीं, अगर पूरे देश की बात करें तो देश में कोरोना वायरस अब 1 लाख से ज्यादा लोगों की जान ले चुका है। पिछले 24 घंटों में 1,069 लोगों की मौत के साथ अब यह आंकड़ा 1 लाख को पार कर गया है। देश में अब तक 1,00,842  लोग कोरोना से जान गंवा चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 79,476 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। 

कोरोना के नए मामले आने का सिलसिला भी लगातार बना हुआ है जिस वजह से देश में मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार सुबह 8 बजे तक देश में अब कोरोनोवायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 64,73,545 हो गए हैं, जबकि मृत्यु का आंकड़ा 1,00,842 हो गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इनमें से 9,44,996 सक्रिय मामले हैं, 54,27,707 रिकवर हो गए हैं।  

हालांकि, इसी बीच एक खुशखबरी यह आई है कि देश के 25 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में कमी आई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, पिछले हफ्ते देश के 25 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में गिरावट हुई।

26 सितंबर को महाराष्ट्र में 273190 एक्टिव केस थे, जो 2 अक्टूबर को 259440 रह गए। आंध्र प्रदेश में 67683 एक्टिव केस थे, जो अब 57858 रह गए। उत्तर प्रदेश में 59397 एक्टिव केस थे, जो अब 50378 रह गए। हरियाणा में 18032 एक्टिव केस थे, जो अब 13472 रह गए। पंजाब में 19937 एक्टिव केस थे, जो अब 15763 रह गए हैं।

दिल्ली में 30867 एक्टिव केस थे, जो अब 26738 रह गए। ओडिशा में 34897 एक्टिव केस थे, जो अब 31795 केस रह गए। जम्मू-कश्मीर में 19170 एक्टिव केस थे, जो 16413 रह गए। मध्य प्रदेश में 22198 एक्टिव केस थे, जो अब 20473 रह गए हैं और तेलंगाना में 30334 एक्टिव केस थे, जो अब 28620 केस रह गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत