1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 1 करोड़ रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए जेल में बंद अधिकारी ने खुदकुशी कर दी जान

1 करोड़ रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए जेल में बंद अधिकारी ने खुदकुशी कर दी जान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 14, 2020 05:49 pm IST,  Updated : Oct 14, 2020 05:49 pm IST

रिश्वत लेने के आरोप में यहां की चंचलगुडा जेल में बंद तेलंगाना सरकार के एक अधिकारी ने खुदकुशी कर ली है। उसे अगस्त में 1.10 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। 

Telangana official caught taking Rs 1 Crore bribe dies by suicide- India TV Hindi
Telangana official caught taking Rs 1 Crore bribe dies by suicide Image Source : PTI

हैदराबाद। रिश्वत लेने के आरोप में यहां की चंचलगुडा जेल में बंद तेलंगाना सरकार के एक अधिकारी ने खुदकुशी कर ली है। उसे अगस्त में 1.10 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। पुलिस ने बुधवार (14 अक्टूबर) को यह जानकारी दी। कीसरा के पूर्व तहसीलदार, इरवा बलराजू नागराजू ने कथित तौर पर जेल की कोठरी में फांसी लगा ली। उनके शव को ऑटोप्सी के लिए उस्मानिया अस्पताल भेजा गया। दबीरपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने 14 अगस्त को एक रियल एस्टेट डीलर से रिश्वत लेने के आरोप में अधिकारी को गिरफ्तार किया था। उन्होंने कथित तौर पर हैदराबाद के बाहरी इलाके कीसरा मंडल के रामपल्ली दयारा गांव की 19 एकड़ भूमि से संबंधित जमीन के मुद्दे को निपटाने के लिए 2 करोड़ रुपये की मांग की थी।

नागराजू, रियल एस्टेट डीलर चौला श्रीनाथ, एक अन्य रियल एस्टेट डीलर के. अंजी रेड्डी और ग्राम राजस्व सहायक (वीआरए) बोंगू साई राज के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। इन चारों को गिरफ्तार कर एसीबी मामलों की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया था, जिसने इन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। एसीबी ने नागराजू के आवास से 36 लाख रुपये, आधा किलो सोना और अचल संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद किए थे। (इनपुट- IANS)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत