जयपुर: राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के एक मात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में रात का तापमान जमाव बिंदू (शून्य) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार मैदानी भागों के चूरू में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 4.2 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 5 डिग्री सेल्सियस, चित्तौडगढ में 5.1 डिग्री सेल्सियस, टोंक (वनस्थली) में 5.2 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 5.3 डिग्री सेल्सियस और राजधानी जयपुर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं उत्तर भारत में पड रहे घने कोहरे के कारण उत्तर-पश्चिम रेलवे की 11 सवारी गाडियां निर्धारित समय से देरी से चल रही है जबकि चार सवारी गाडियों के प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी तरूण जैन ने बताया कि रिषिकेष-श्रीगंगानगर 8 घंटे 20 मिनट, कोलकाता-बीकानेर 8 घंटे 20 मिनट, हावडा-श्रीगंगानगर 7 घंटे 30 मिनट, सियालदाह-अजमेर 6 घंटे 45 मिनट, न्यू तिनसुखिया-लालगढ 5 घंटे 55 मिनट, गोरखपुर-हिसार 4 घंटे 30 मिनट, हावडा-जोधपुर-बीकानेर 4 घंटे 25 मिनट, इलाहाबाद-जयपुर 3 घंटे 40 मिनट, वाराणसी-जोधपुर 3 घंटे, जम्मू-अजमेर 2 घंटे 45 मिनट, काठगोदाम-जैसलमेर 1 घंटे 55 मिनट विलम्ब से चल रही है।
उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर-ऋषिकेश, श्रीगंगानगर-दिल्ली, जयपुर-इलाहाबाद, अजमेर-जम्मू के प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है।