1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर: सेना ने कहा- घुसपैठ के लिए PoK में बैठे हैं आतंकी, हम भी हैं तैयार

जम्मू-कश्मीर: सेना ने कहा- घुसपैठ के लिए PoK में बैठे हैं आतंकी, हम भी हैं तैयार

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 26, 2018 06:23 pm IST,  Updated : Feb 26, 2018 06:23 pm IST

जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से जारी ताजा तनातनी के बीच सेना के एक शीर्ष कमांडर ने बेहद ही महत्वपूर्ण खुलासा किया है...

Representational Image | PTI Photo- India TV Hindi
Representational Image | PTI Photo

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से जारी ताजा तनातनी के बीच सेना के एक शीर्ष कमांडर ने बेहद ही महत्वपूर्ण खुलासा किया है। सेना के एक शीर्ष कमांडर ने कहा है कि नियंत्रण रेखा के पार आतंकी ठिकानों पर बड़ी संख्या में आतंकवादी मौजूद हैं जो कश्मीर में भारतीय सीमा क्षेत्र में घुसने की ताक में है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन करना भी घुसपैठियों को मदद देने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों को इस संबंध में जानकारी मिली है और आतंकियों को रोकने की कोशिश की जा रही है।

श्रीनगर स्थित चिनार कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल ए. के. भट्ट ने जम्मू-कश्मीर लाइट इनफेंट्री सेंटर में पासिंग आउट परेड कार्यक्रम से इतर कहा, ‘हमारे पास जानकारी है कि कई घुसपैठिए आतंकी टिकानों पर घुसने की ताक में हैं और हमारा मानना है कि बर्फबारी कम होने के कारण इस वर्ष घुसपैठ जल्द शुरू हो जाएगी। लेकिन हम इसे रोकने के प्रयास कर रहे हैं। गोलीबारी की एक वजह यह भी हो सकती है। जब भी पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी होती है, यह तय है कि घुसपैठ के प्रयास भी होते हैं। कुपवाड़ा और तंगधार में भी यही हुआ।’ उन्होंने बताया कि नियंत्रण रेखा के पार लेपा घाटी से लेकर मंडाल इलाके तक कई जगहों पर 30 से 40 समूहों में मौजूद आतंकवादी घुसपैठ करने का इंतजार कर रहे हैं। मंडाल इलाका 161 ब्रिगेड, रामपुर के पास है।

पाकिस्तान के ग्रामीण लोगों से बाहर सुरक्षित जगहों पर चले जाने की घोषणा से जुड़ी खबरों को लेकर सवाल पूछे जाने पर लेफ्टिनेंट जनरल भट्ट ने कहा कि वे नियंत्रण रेखा के भारतीय सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए नहीं थी। सेना अधिकारी ने कहा कि नियंत्रण रेखा से लगे कुछ गांवों के लोगों को सुरक्षा कारणों से बाहर चले जाने को कहा गया और उनकी जानकारी के हिसाब से उन ग्रामीणों ने भी पूरी तरह से गांव खाली नहीं किए हैं। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान की तरफ से शुरू किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन का उचित जवाब दिया गया। लेकिन मैं आपको यह भी बताना चाहूंगा कि यह व्यापक रूप में एक स्थानीय मामला है जहां उनकी कार्रवाइयों के कारण हमें विशिष्ट जगहों पर जवाब देना पड़ा।’

भट्ट ने कहा, ‘हमारा सभी मोर्चे पर कार्रवाई करने का इरादा नहीं है। हमारा बस यह मानना है कि अगर पाकिस्तान किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई करता है या घुसपैठियों को सीमा के पार घुसाता है तो हम जवाब देंगे।’ लेफ्टिनेंट जनरल भट्ट ने बताया कि कुपवाड़ा में पाकिस्तान के बॉर्डर एक्शन टीम (BAT) की एक कोशिश नाकाम कर दी गयी और इस तरह की कोशिशों से ऐसे ही निपटा जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।