Highlights
- आईपीसी की धारा 307, 153 के तहत मामला दर्ज
- गिरफ्तार करने से पहले हिरासत में ली गई थीं सायोनी घोष
- अभिषेक बनर्जी के प्लेन को नहीं मिली लैंडिंग की अनुमति
अगरतला (त्रिपुरा): टीएमसी की युवा इकाई की प्रमुख सायोनी घोष को अगरतला पुलिस ने एक जनसभा में कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को कुचलने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। अतिरिक्त एसपी (शहरी) बीजे रेड्डी ने इसकी जानकारी दी है।
बीजे रेड्डी ने बताया कि सायोनी घोष को प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। सायोनी घोष के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 153 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि पुलिस ने सायोनी घोष को गिरफ्तार करने से पहले हिरासत में लिया था। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।
क्या है मामला?
दरअसल, 20 नवम्बर की रात को मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार एक नुक्कड़ सभा कर रहे थे, इसी दौरान तृणमूल कांग्रेस की यूथ प्रेसिडेंट शायोनी घोष अपनी कार से वहां से गुजरीं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने घोष पर बिप्लव कुमार की नुक्कड़ सभा को बाधित करने का आरोप लगाया है जबकि घोष का आरोप है कि इस दौरान उनपर हमला हुआ।
शायोनी घोष ने एक ट्वीट में कहा कि 'बिप्लव कुमार की बैठक में 50 लोगों ने भाग लिया। इससे ज्यादा हमारे उम्मीदवारों की बैठकों में देखने को मिलते हैं। त्रिपुरा की मातृभूमि और जनता के लिए आमने-सामने का खेल खेला जाएगा तथा भाजपा का गुंडाराज खत्म होगा। गाड़ी को नुकसान हुआ है।'
अभिषेक बनर्जी के प्लेन को नहीं मिली लैंडिंग की अनुमति
इस मामले में सायोनी घोष के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है, जिसपर पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि साक्ष्य सायोनी घोष के खिलाफ हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के दौरे से कुछ घंटे पहले हुई है। अभिषेक बनर्जी आज ही त्रिपुरा जा रहे थे लेकिन उनके चार्टर्ड प्लेन को अगरतला में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली।