1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘यिप्पी’ नूडल्स में मिला अत्यधिक सीसा, दर्ज होगा मुकदमा

‘यिप्पी’ नूडल्स में मिला अत्यधिक सीसा, दर्ज होगा मुकदमा

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 23, 2015 10:58 pm IST,  Updated : Aug 23, 2015 10:58 pm IST

अलीगढ़: ‘मैगी’ के बाद अब एक और लोकप्रिय नूडल्स ब्रांड ‘यिप्पी’ के निर्माताओं पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गयी है। उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण (FDA) यिप्पी नूडल्स में अनुमन्य सीमा से कहीं

‘यिप्पी’ नूडल्स में...- India TV Hindi
‘यिप्पी’ नूडल्स में मिला अत्यधिक सीसा, दर्ज होगा मुकदमा

अलीगढ़: ‘मैगी’ के बाद अब एक और लोकप्रिय नूडल्स ब्रांड ‘यिप्पी’ के निर्माताओं पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गयी है। उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण (FDA) यिप्पी नूडल्स में अनुमन्य सीमा से कहीं ज्यादा सीसा मिलाये जाने की बात कहते हुए मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में है।

इस बीच ‘यिप्पी’ नूडल्स निर्माण कम्पनी ITC का कहना है कि उसे इस बारे में उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। उसका दावा है कि यह नूडल स्वास्थ्य के लिये पूरी तरह सुरक्षित है।

एफडीए के अलीगढ़ प्रभाग के प्रमुख चंदन पाण्डेय ने रविवार को यहां बताया कि प्राधिकरण के अधिकारियों ने गत 21 जून को एक स्थानीय शॉपिंग मॉल से ‘यिप्पी’ नूडल्स के आठ नमूने लेकर लखनऊ तथा मेरठ की प्रयोगशालाओं में जांच के लिये भेजे थे।

उन्होंने बताया कि कल उन नूडल्स की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई जिसके मुताबिक इस उत्पाद में सीसा की मात्रा जहां 1 पार्ट्स प्रति मिलियन (पीपीएम) से कम होनी चाहिये, वहीं 1.057 पीपीएम पायी गयी। सीसे की इतना मात्रा मानव शरीर, खासकर बच्चों के लिये बेहद खतरनाक है।

पाण्डेय ने बताया कि जांच रिपोर्ट को FDA के मुख्य आयुक्त के पास भेजकर उनसे इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के लिये अंतिम अनुमति मांगी गयी है। इस प्रक्रिया में कुछ हफ्ते लग सकते हैं।

इस बीच, ITC द्वारा जारी बयान के मुताबिक उसे इस बारे में प्रदेश सरकार से कोई शिकायत या कोई संवाद प्राप्त नहीं हुआ है। कम्पनी का कहना है कि उसने यिप्पी नूडल्स के 700 से ज्यादा नमूने देश-विदेश की प्रतिष्ठित प्रयोगशालाओं में जंचवाये हैं। इस दौरान उनमें या तो सीसा मिला ही नहीं अथवा अनुमन्य मात्रा से भी कम पाया गया। बयान में दावा किया गया है कि ‘यिप्पी’ नूडल्स स्वास्थ्य के लिये पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत