1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हरसिमरत कौर ने की सुखबीर बादल पर हमले की NIA जांच की मांग, गृह मंत्री अमित शाह को लिखी चिट्ठी

हरसिमरत कौर ने की सुखबीर बादल पर हमले की NIA जांच की मांग, गृह मंत्री अमित शाह को लिखी चिट्ठी

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Aug 16, 2026 04:55 pm IST,  Updated : Aug 16, 2026 05:23 pm IST

हरसिमरत कौर ने अमित शाह को खत लिखकर SAD चीफ सुखबीर सिंह बादल पर हुए अटैक की NIA जांच की डिमांड की है। जानें हरसिमरत कौर ने इसका क्या कारण बताया है।

Harsimrat Kaur Badal letter- India TV Hindi
हरसिमरत कौर बादल ने गृह मंत्री अमित शाह को लेटर लिखा है। Image Source : PTI

शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर महाराष्ट्र के नांदेड में SAD चीफ सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की NIA जांच की मांग की है। हरसिमरत कौर ने लिखा कि 2024 में भी सुखबीर बादल पर जानलेवा हमला हुआ था। दो बार हत्या की कोशिश बेहद चिंताजनक है। साथ ही आशंका जताई है कि यह हमला किसी गहरी अंतर-राज्यीय या अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा भी हो सकता है, जिसकी जांच होनी चाहिए।

हरसिमरत कौर क्यों कर रहीं NIA जांच की मांग?

अपने X पोस्ट में हरसिमरत कौर बादल ने अपने पत्र की 3 अहम बातों के बारे में भी बताया:

  1. दोनों हमले पवित्र गुरुघरों में तब हुए जब एक समर्पित सिख धार्मिक सेवा में लगा हुआ था।
  2. पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार को कई प्रश्नों के उत्तर देने होंगे क्योंकि दोनों हमलों के बीच एक स्पष्ट पैटर्न दिखाई देता है।
  3. बार-बार हो रहे इन हमलों का उद्देश्य दुनिया भर में पंजाब की छवि को नुकसान पहुंचाना और सिख समुदाय को बदनाम करना लगता है।

हरसिमरत कौर ने आगे लिखा कि इन हमलों की गंभीरता, पैटर्न और हालात को देखते हुए NIA से गहन जांच की जरूरत है।

हमला करने वाले सिख नहीं कहा जा सकता- हरसिमरत

हरसिमरत कौर बादल ने अपने पति और पार्टी चीफ सुखबीर सिंह बादल पर हुए अटैक पर बीते शनिवार को भी बात की। हरसिमरत कौर ने इसे "सुनियोजित राजनीतिक साजिश" बताते हुए कहा कि इसके पीछे जो भी है, उसको सिख नहीं कह सकते।

कृपाण से सुखबीर बादल पर हुआ था हमला

बता दें कि महाराष्ट्र के नांदेड़ के बाहरी इलाके में मौजूद एक गुरुद्वारे के भीतर बीते गुरुवार को निहंग समुदाय के एक सदस्य ने 'कृपाण' से सुखबीर बादल पर हमला कर दिया था। इस अटैक में सुखबीर बादल के दाहिने हाथ में चोटें आई थीं। इस हमले के बाद हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया था।

हमले का जिक्र कर इमोशनल हुईं हरसिमरत कौर

गौरतलब है कि पंजाब के खन्ना में गोवा मुक्ति आंदोलन के नेता करनैल सिंह इसरू की याद में हुए कार्यक्रम में भाषण देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल अपने पति पर हुए अटैक का जिक्र करते हुए इमोशनल हो गई थीं। हरसिमरत कौर ने कहा, "मुझे माफ करें, मैं आज बहुत इमोशनल हूं क्योंकि पिछले 48 घंटे मेरे और मेरी फैमिली के लिए बहुत मुश्किल रहे हैं। आज मुझे यहां नहीं होना था, सुखबीर बादल को यहां होना था। लेकिन देखिए उनके साथ क्या हुआ।"

ये भी पढ़ें- सुखबीर सिंह बादल पर हमले की जांच में महाराष्ट्र ATS की एंट्री, CM फडणवीस ने दिए थे जांच के आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत