1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड कोरोना गाइडलाइन्स में बदलाव, शादी और कार्यक्रमों में लोगों की संख्या घटाई

उत्तराखंड कोरोना गाइडलाइन्स में बदलाव, शादी और कार्यक्रमों में लोगों की संख्या घटाई

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 25, 2021 07:05 pm IST,  Updated : Apr 25, 2021 07:05 pm IST

कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने गाइडलाइन्स में बदलाव किया और शादी समारोह या किसी भी प्रकार का कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को घटाकर 50 कर दिया है।

उत्तराखंड कोरोना गाइडलाइन्स में बदलाव, शादी और कार्यक्रमों में लोगों की संख्या घटाई- India TV Hindi
उत्तराखंड कोरोना गाइडलाइन्स में बदलाव, शादी और कार्यक्रमों में लोगों की संख्या घटाई Image Source : PTI

देहरादून: कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने गाइडलाइन्स में बदलाव किया और शादी समारोह या किसी भी प्रकार का कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को घटाकर 50 कर दिया है। राज्य सरकार ने रविवार को यह फैसला लिया है। 

राज्य में अब शादी समारोह और अन्य सभी कार्यक्रमों में सिर्फ 50 लोगों को ही आने की अनुमति होगी। इसके साथ ही, उत्तराखंड सरकार ने जिलाधिकारियों को कोरोना वायरस संक्रमण को काबू में लाने के लिए कर्फ्यू या अन्य प्रतिबंध लगाने की अनुमति दी है।

सोमवार से तीन दिन और बंद रहेंगे सरकारी कार्यालय 

वहीं, कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच उत्तराखंड सरकार ने शनिवार को अपने सभी कार्यालयों को तीन दिन और बंद रखने का निर्णय भी लिया था। ऐसे में सभी सरकारी कार्यालय बुधवार तक बंद रहेंगे। हालांकि, सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सोमवार से मुख्यालय में उपस्थित रहने को कहा गया है। 

साथ ही उन्हें अपने मोबाइल फोन चालू रखने को भी कहा गया है ताकि आवश्यकता के समय पर उनसे संपर्क किया जा सके। राज्य सरकार ने 22 अप्रैल को आदेश जारी कर सभी कार्यालय परिसर को सेनेटाइज करने के वास्ते 23-25 अप्रैल के बीच तीन दिन के लिए इन्हें बंद रखने का फैसला किया था। अब इस अवधि को सोमवार से तीन और दिन का विस्तार दिया गया है।

शनिवार को 5084 केस मिले, 81 मरीजों की मौत

उत्तराखंड में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 5,084 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही प्रदेश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1,47,433 तक पहुंच गई। राज्य के कोविड नियंत्रण कक्ष ने कहा कि इसी अवधि में कोविड-19 के 81 मरीजों की मौत के साथ ही इस घातक वायरस से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 2,102 हो गई।

पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद से उत्तराखंड में एक ही दिन में सामने आने वाले नए मामले एवं जान गंवाने वालों का यह सर्वाधिक आंकड़ा है। देहरादून जिले में सबसे अधिक 1,736 मामले, हरिद्वार में 958, नैनीताल में 592, उधम सिंह नगर में 378, चंपावत में 321, पौड़ी में 301, उत्तरकाशी में 215, टिहरी में 190, पिथौरागढ़ में 123, अल्मोड़ा में 117, चमोली में 90, रुद्रप्रयाग में 53 और बागेश्वर में 10 मामले सामने आए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।