नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने नव निर्मित सिग्नेचर ब्रिज पर अश्लील हरकत करने के मामले में चार किन्नरों को हिरासत में लिया है। इस कथित घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को वायरल हो गया था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ अश्लील हरकतें करने का मामला दर्ज किया था।
Related Stories
उन्होंने बताया कि हमने चार किन्नरों को हिरासत में लिया है और घटना के बाबत उनसे पूछताछ कर रहे हैं। गौरतलब है कि वीडियो में दिख रहा है कि वे सिग्नेचर ब्रिज पर अपने कपड़े उतार रहे हैं और डांस कर रहे हैं, वहीं राहगीर उन्हें देख रहे हैं।
पुलिस कथित घटना की सटीक तारीख पता लगाने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने सिग्नेचर ब्रिज पर सुरक्षा भी कड़ी कर दी है, क्योंकि इस तरह के दावे थे कि पुल पर पुलिस की तैनाती नहीं थी।