नई दिल्ली: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दोनों देशों के बीच विशेष साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने की उम्मीद जताते हुए भारत को गणतंत्र दिवस के मौके पर अपनी शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे अपने संदेश में पुतिन ने कहा कि विश्व मंच में भारत को एक प्रतिष्ठित स्थान हासिल है और अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों को सुलझाने में वह एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुतिन ने कहा कि हम भारत और रूस के बीच विशेष सामरिक भागीदारी के रिश्तों की अत्यधिक सराहना करते हैं। उन्होंने इन रिश्तों के और अधिक मजबूत होने की उम्मीद भी जताई।
पूर्वोत्तर में कुछ संगठनों ने किया गणतंत्र दिवस के बहिष्कार का आह्वान
डब्ल्यूईएसईए के यूनाईटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट, गारो नेशनल लिबरेशन आर्मी समेत पूर्वोत्तर के कुछ अन्य विद्रोही संगठनों ने गणतंत्र दिवस का बहिष्कार करने का आह्वान किया है।
यूएनएलएफडब्ल्यू द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में 25 जनवरी आधी रात से 26 जनवरी शाम छह बजे तक बंद रहेगा तथा सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यक्रमों पर प्रतिबंध होगा।
आपातकालीन सेवाओं और मीडिया को इससे छूट दी गई है।