1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'मेडल हरियाणा देता है, खेल गुजरात में क्यों?', दीपेंद्र हुड्डा ने उठाए सवाल, CWG 2030 की मेजबानी को लेकर राजनीति शुरू

'मेडल हरियाणा देता है, खेल गुजरात में क्यों?', दीपेंद्र हुड्डा ने उठाए सवाल, CWG 2030 की मेजबानी को लेकर राजनीति शुरू

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 04, 2026 03:59 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 04:51 pm IST

कॉमवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी गुजरात को मिलने को लेकर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदर्शन किया है। उन्होंने संसद परिसर में 'मेडल हरियाणा देता है, खेल गुजरात मे क्यों?' की नारेबाजी की। वहीं उनके इस प्रदर्शन पर बबीता फोगाट ने निशाना साधा। बबीता फोगाट ने इसे नौटंकी बताया।

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन।- India TV Hindi
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन। Image Source : X/DEEPENDERSHOODA

ग्लास्गो में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का समापन हो गया है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के समापन समारोह के दौरान मेजबान शहर ने 2030 में अहमदाबाद में होने वाले शताब्दी संस्करण से पहले भारत को आधिकारिक तौर पर गेम्स का झंडा और बैटन सौंपा। CWG का झंडा और बैटन आधिकारिक तौर पर भारतीय प्रतिनिधियों- ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा, IOA अध्यक्ष पी.टी. उषा और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को सौंपे गए। ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की दो बार मेजबानी करने वाला दूसरा देश बन जाएगा। इससे पहले भारत ने 2010 में दिल्ली में इन खेलों की मेजबानी की थी।

गुजरात को मेजबानी मिलने पर छिड़ी राजनीति

वहीं भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलने के साथ ही देश में इस मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है। कॉमनवेल्थ गेम्स के मेजबान के तौर पर गुजरात को चुने जाने को लेकर अब हरियाणा के कांग्रेस नेता के बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब हरियाणा सबसे ज़्यादा पदक जीतता है, तो गेम्स की मेजबानी गुजरात में क्यों की जा रही है। दीपेंद्र हुड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मेडल हरियाणा देता है, खेल गुजरात मे क्यों? आज संसद परिसर में कॉमनवेल्थ खेल 2030 के लिए हरियाणा को मेजबान या सह-मेजबान राज्य बनाने की मांग को लेकर हरियाणा के साथी सांसदों के साथ प्रदर्शन किया।"

39 में से 13 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीता

बता दें कि भारत ने इस बार के कॉमनवेल्थ गेम्स में 39 पदक जीते, जिनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल हैं। 7 स्वर्ण पदक, 2 रजत और 1 कांस्य पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते। दीपेंद्र हुड्डा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की राज्य-वार मेडल टैली भी पोस्ट की, जिसमें हरियाणा के 11 मेडल्स की तुलना गुजरात के 0 मेडल्स से की गई थी। हालांकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस प्रदर्शन ने हरियाणा की स्थिति को "देश के सबसे मज़बूत स्पोर्ट्स सेंटर्स में से एक" के तौर पर रेखांकित किया है।

बबीता फोगाट ने हुड्डा और कांग्रेस पर साधा निशाना

वहीं दूसरी तरफ दीपेंद्र हुड्डा की पोस्ट पर ओलंपियन और तीन बार कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने वाली रेसलर बबीता फोगाट ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हुड्डा से पूछा कि जब 2010 में दिल्ली में गेम्स हुए थे, तब उन्होंने आपत्ति क्यों नहीं जताई थी। एक्स पर एक पोस्ट में बबीता फोगाट ने लिखा, "2010 में जब कॉमनवेल्थ गेम्स दिल्ली में हुआ था तब ये आवाज क्यों नहीं उठाई दीपेंद्र जी आपने? 10 साल तक जब आप हरियाणा कुश्ती संघ के अध्यक्ष रहे तब हरियाणा की मेजबानी की याद नहीं आई आपको? एक नेशनल स्तर का गेम्स तो हरियाणा में कराया नहीं गया आपसे!"

बबीता फोगाट ने आगे कहा, "जब कोई अंतराष्ट्रीय स्तर का खेल आयोजन किसी राज्य में होता है तो वह आयोजन देश कर रहा होता है तो मेजबानी देश का कहलाता है। 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में विश्व में चौथा स्थान भारत ने अपने खिलाड़ियों की वजह से प्राप्त किया उस पर एक ट्वीट तो किया नहीं गया आपके आका से और पार्लियामेंट के बाहर हरियाणा की मेजबानी का नौटंकी कर रहे है। खैर जैसा गुरु वैसा चेला! राहुल गांधी सदन में नाटक कर रहे आप लोग बाहर! करते रहिए नौटंकी, दिखाते रहिए नौटंकी, खेलते रहिए नौटंकी,अहलुवा नौटंकी!"

यह भी पढ़ें-

'आत्म मंथन का समय', दतिया उपचुनाव में BJP की करारी हार, अब अपने भी उठा रहे सवाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत