नई दिल्ली: गुरुवार को दिल्ली का तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस हो गया जो इस मौसम का अबतक का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 22 मार्च से 24 मार्च के बीच राजधानी में बारिश के आसार हैं। बारिश से एक बार फिर मौसम बदलेगा और तापमान में कुछ कमी आएगी। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बाताय कि 23 मार्च के बाद से तापमान गिरना शुरू हो जाए गा। इस दौरान अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रह सकता है।
जम्मू कश्मीर के ऊपर बन रहे नए पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम के बारे में जानकारी देने वाली प्राइवेट एजेंसी स्काई मेट वेदर ने भी कहा है कि जम्मू कश्मीर के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बन रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 4 दिन तक मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान, हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
मौसम एजेंसी स्काई मेट वेदर के मुताबिक, मध्य भारत में अगले 24 घंटों के बाद बारिश होने और गरज के साथ बौछारें बढ़ने की संभावना है। इस दौरान बाल्टिस्तान, गिलगित, मुजफ्फराबाद, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बर्फबारी होने की उम्मीद है। साथ ही पूर्वी राजस्थान में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की या गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के कई राज्यों में प्रभावी हो रहा है। नॉर्थ ईस्ट राज्यों में तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 18 मार्च को तेज बारिश व बर्फबारी होगी।