1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में, हिमाचल के कीलॉन्ग में तापमान माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस

पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में, हिमाचल के कीलॉन्ग में तापमान माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 26, 2017 11:18 pm IST,  Updated : Dec 26, 2017 11:18 pm IST

कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे रहने के साथ ही उत्तरी क्षेत्र आज भी शीतलहर की गिरफ्त में रहा। हिमाचल प्रदेश के कीलॉन्ग जैसे इलाकों में तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

weather- India TV Hindi
weather

नयी दिल्ली: कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे रहने के साथ ही उत्तरी क्षेत्र आज भी शीतलहर की गिरफ्त में रहा। हिमाचल प्रदेश के कीलॉन्ग जैसे इलाकों में तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी धुंध की मोटी चादर में लिपटी रही और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग ने बताया जम्मू-कश्मीर में करगिल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 15.4 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया। 

अधिकारी ने बताया कि समीपवर्ती लेह नगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में सबसे सर्द रात का तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया लेकिन निवासियों को कल रात कुछ राहत मिली जब तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस ही कम रहा। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियम कम दर्ज किया गया। 

कश्मीर फिलहाल चिल्लई कालान की गिरफ्त में है। यह सर्दी के मौसम की 40 दिन की सबसे कंपकंपाने वाली अवधि होती है जब बर्फबारी की संभावनाएं बहुत ज्यादा होती हैं और तापमान लगातार गिरता चला जाता है। पंजाब में आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, साथ ही राज्य के अधिकांश स्थानों सहित पड़ोसी राज्य हरियाणा में जबर्दस्त ठंड का प्रकोप जारी है। 

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि अमृतसर में भी जबर्दस्त ठंड है और यहां का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट और गुरूदासपुर का न्यूनतम तापमान जहां 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं हलवाड़ा और लुधियाना का न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.9 और 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पठानकोट का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस जबकि पटियाला और चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.5 और सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां का न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी मौसम बेहद सर्द रहा जहां तापमान शून्य से 12 डिग्री और 18 डिग्री कम के बीच होता रहा। 

उत्तर प्रदेश में जारी शीतलहर के कहर के बीच पिछले चौबीस घंटों में 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। 
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि लखनऊ और मेरठ में दिन का तापमान मौसम के सामान्य औसत से कम दर्ज किया गया। लखनऊ और मेरठ के अलावा कानपुर, गोरखपुर, फैजाबाद मंडलों में भी दिन के तापमान में गिरावट आयी है। मौसम विभाग ने संभावना जतायी है कि अगले तीन दिन मौसम शुष्क बना रहेगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत