कोलकाता: पिछले दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें अलीपुरद्वार के कलेक्टर निखिल निर्मल एक शख्स की बेरहमी से पिटाई करते हुए देखे गए थे। अब पश्चिम बंगाल की सरकार ने उन्हीं निखिल निर्मल पर कार्रवाई करते हुए उनका ट्रांसफर कर दिया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद वह विवादों में घिर गये थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वीडियो में वह थाने में जिस शख्स की पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं उसने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी पर कथित भद्दी टिप्पणियां की थीं।
Related Stories
पश्चिम बंगाल सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि निर्मल को राज्य जनजाति विकास सहकारी निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर स्थानांतरित किया गया है। सोमवार को वीडियो सामने आने के बाद 2011 बैच के IAS अधिकारी को पूर्व में 10 दिन के लिए छुट्टी पर जाने के लिए कहा गया था। अधिकारी ने बताया कि सुभंजन दास अलीपुरद्वार के नये क्लेक्टर होंगे। वायरल हुए वीडियो में निर्मल और उनकी पत्नी इंस्पेक्टर इन चार्ज (IC) की उपस्थिति में फलकता थाने के भीतर व्यक्ति की पिटाई करते हुये नजर आ रहे हैं।
आपको बता दें कि इस वीडियो में IAS अधिकारी और उनकी पत्नी व्यक्ति को गाली देते हुये भी नजर आ रहे हैं। कई मानवाधिकार संगठनों ने घटना पर कड़ी आपत्ति व्यक्त की थी और कलेक्टर तथा फलकता थाने के इंस्पेक्टर इन चार्ज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं, सोशल मीडिया पर भी कलेक्टर द्वारा शख्स की बेरहमी से पिटाई किए जाने की खूब आलोचना हुई थी। लोगों के आक्रोश को देखते हुए कलेक्टर पर कार्रवाई तय मानी जा रही थी और आखिरकार सरकार ने उनका ट्रांसफर करने का फैसला ले लिया।