1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. महिला ने सड़क पर बच्ची को दिया जन्म, सड़क पर गिरने से नवजात की मौत

महिला ने सड़क पर बच्ची को दिया जन्म, सड़क पर गिरने से नवजात की मौत

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 31, 2017 07:27 pm IST,  Updated : Jul 31, 2017 07:30 pm IST

जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बरही में एक महिला का सड़क पर ही आज दोपहर प्रसव हो गया, जिसके कारण नवजात बच्ची की जमीन में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। महिला के परिजन का आरोप है कि इस महिला को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरही ले ज

baby- India TV Hindi
baby

कटनी (मप्र): जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बरही में एक महिला का सड़क पर ही आज दोपहर प्रसव हो गया, जिसके कारण नवजात बच्ची की जमीन में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। महिला के परिजन का आरोप है कि इस महिला को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरही ले जाने के लिए उसके पति द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र में करीब डेढ घंटे तक फरियाद करने के बाद भी उसे एम्बुलेंस नहीं मिल पायी।

उन्होंने दावा किया कि प्रसव पीड़ा के दौरान बीना बाई को जब एंबुलेंस लेने उसके घर नहीं पहुंची, तो वह पैदल ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरही की ओर चल पड़ी। इस बीच, उसका पति बरही में एम्बुलेंस के लिए फरियाद करता रहा। बरमानी गांव से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरही की दूरी लगभग 20 किलोमीटर है।

परिजन ने बताया कि जैसे ही महिला बरही पुलिस थाने के पीछे वाली सड़क पर पहुंची। उसे प्रसव हो गया और नवजात बच्ची की जमीन में गिरने से मौत हो गई। हालांकि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अशोक अवधिया ने बताया कि इस महिला ने समय से पूर्व सातवें महीने में ही बच्ची को जन्म दिया था।

परिजन द्वारा एंबुलेंस न मिलने के आरोप पर अवधिया ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरही में एंबुलेंस नहीं है और जननी एक्सप्रेस नाम से चलने वाली 108 एंबुलेंस हमारे अधिकार में नहीं है। इसे भोपाल से उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिये गये हैं और यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत