नई दिल्ली: जल्द ही बैंक खातों के लिए आईडी प्रूफ और पासवर्ड की जरूरत खत्म हो जाएगी। एचएसबीसी बैंक ने अब अपने खाताधारकों के लिए वॉयस ट्रैकिंग सेवा शुरू की है। बैंकों का कहना है कि यह तरीका सुरक्षा की दृष्टि से सही हैं और धीरे-धीरे अन्य सेक्टर्स में भी इस तरह के तरीके को अपनाने की कोशिश होगी। आपको बता दें कि एचएसबीसी यह नई योजना दो या तीन महीनों में शुरू करने वाली है।
दरअसल इस योजना के तहत खाताधारक को अपनी आवाज रिकॉर्ड करनी होगी और साथ ही फिंगर प्रिन्ट्स रजिस्टर कराने होंगे। इसके बाद आपको आईडी और पासवर्ड की आवश्यकता नहीं होगी। इस नई सुविधा से खाताधारक का वक्त भी बचेगा। इस प्रक्रिया को पूरा होने में 10 से 15 मिनट का समय लगेगा। एचएसबीसी ने बताया है कि बहुत से लोग है जो बार-बार अपना पासवर्ड नहीं बदलते हैं ऐसे में अकाउंट हैक होने का खतरा बना रहता है।
आपको बता दें कि वॉयस बायोमेट्रिक का इस्तेमाल पहली बार नहीं हो रहा है बल्कि इसका इस्तेमाल पहले भी हो चुका है। अब तो इसका इस्तेमाल लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर इसे अहम और सेफ माना जा रहा है, क्योंकि जानकारों के मुताबिक हर इंसान की उंगलियों के निशान और आवाजा अलग-अलग होते हैं जिसे हैक करना असंभव है।