नई दिल्ली: देश में कथित रूप से बढ़ती असहिष्णुता के खिलाफ विरोध करते हुए युवा कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता यहां जंतर मंतर पर जमा हुए और प्रधानमंत्री से मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ने की मांग की।
कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आंदोलन कर रहे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सिंधिया ने भाजपा नेतृत्व वाली राजग सरकार पर देश में बढ़ती असहिष्णुता के मुद्दे से निपटने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने असहिष्णुता के माहौल का निर्माण किया और हमें इससे छुटकारा पाना होगा। उनके मंत्री और सांसद गैरजिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं और वे चुप हैं। उनके असम के राज्यपाल ने कहा कि भारत हिन्दुओं के लिए है और मुसलमान पाकिस्तान या सीरिया जा सकते हैं... वे भूल रहे हैं कि भारत एक एकजुट देश है।’
सिंधिया ने यह आरोप भी लगाया कि राजग सरकार चाय पे चर्चा से गाय पे चर्चा पर चली गयी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने संसद घेराव कार्यक्रम जारी रखा और पुलिस को उनसे तितर बितर करने के लिए पानी की बौछार करनी पड़ी।
प्रदर्शनकारियों ने जरूरी सामानों खासकर प्याज और आलू की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को निशाने पर लिया।