1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-NCR में आज भी होगी बारिश, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

दिल्ली-NCR में आज भी होगी बारिश, जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 06, 2025 07:13 am IST,  Updated : May 06, 2025 08:02 am IST

दिल्ली-एनसीआर को लेकर मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है। वहीं दिल्ली के आस-पास के राज्यों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आइये जानते हैं आज कैसा रहेगा मौसम का हाल।

दिल्ली-NCR में आज भी होगी बारिश।- India TV Hindi
दिल्ली-NCR में आज भी होगी बारिश। Image Source : FILE/PTI

दिल्ली-एनसीआर में बीते कई दिनों से हल्की बारिश का दौर जारी है। वहीं बारिश की वजह से लोगों के भीषण गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को भी बारिश से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में बादल भी छाए रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक आठ मई तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश की आशंका जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। हालांकि इसके बाद धूप खिलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में 8 मई के बाद तापमान बढ़ने की संभावना है।

यूपी के कई जिलों में अलर्ट

इसके अलावा यूपी की बात करें तो यहां भी कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में 10 मई तक बारिश जारी रहने का आसार है। इस दौरान राज्य के सभी इलाकों में बारिश की संभावना है। यूपी के जिन जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है, उनमें प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, लखनऊ, कानपुर, आगरा और मेरठ शामिल हैं। इन सभी जगहों पर तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। हवा की रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटे रहने के आसार हैं।  

वहीं यूपी में तूफान और भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी तरह का नुकसान होने पर तत्काल अनुग्रह राशि वितरित की जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अधिकारी सर्वे कर फसल नुकसान का आकलन करें और रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि जलभराव की स्थिति में जल निकासी की व्यवस्था प्राथमिकता के साथ की जाए।

उत्तरकाशी में रेड अलर्ट

उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने 7 और 8 मई को उत्तरकाशी जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही बर्फबारी और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तराखंड के अन्य जिलों में 6, 7 और 8 मई को ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को सतर्क रखा गया है। इसके अलावा आम नागरिकों के लिए भी बहुत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की चेतावनी जारी की गई है। 

नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में बारिश

वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले एक सप्ताह तक मौसम सक्रिय रहने के आसार जताए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 6 से 8 मई के दौरान असम और मेघालय तथा 6 से 7 मई के बीच अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं भी चल सकती हैं। इसके साथ ही आसमानी बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत