ओडिशा के बालेश्वर जिले में स्कूल परिसर के अंदर एक छात्र पर आवारा कुत्ते के हमले का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्कूल के शौचालय की ओर जा रहे छात्र पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में कुत्ते ने छात्र की एक उंगली काट दी। छात्र के हाथ और पैर में भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद छात्र की हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। इस घटना को लेकर छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी है। यह घटना बालेश्वर जिले के खंटपड़ा थाना क्षेत्र के रसालपुर स्थित सत्यनारायण सरकारी नोडल हाई स्कूल में हुई। जानकारी के अनुसार, छात्र कल स्कूल में शौचालय की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूल परिसर में मौजूद एक आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया और छात्र की एक उंगली काट ली।
नाराज ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों और अभिभावकों के बीच इस बात को लेकर चिंता है कि आखिर आवारा कुत्ता स्कूल परिसर के अंदर कैसे पहुंचा और वहां बच्चों के लिए खतरा कैसे बना रहा। ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो। छात्र पर कुत्ते के हमले के बाद स्कूल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया। उन्होंने स्कूल परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की। ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल परिसर में आवारा कुत्तों को प्रवेश करने से रोकने के लिए जरूरी व्यवस्था की जाए, ताकि छात्रों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर जड़ दिया ताला
विद्यालय के प्रधानशिक्षक राजेंद्र पात्रा ने कहा, "दोपहर लगभग 12 बजकर 45 मिनट पर मैं जब 10वीं कक्षा में पढ़ा रहा था, तब मुझे तीसरी कक्षा की एक शिक्षिका का फोन आया और उन्होंने मुझसे जल्दी आने को कहा। मुझे बताया गया कि किसी बच्चे की स्थिति बहुत खराब है और उसे जल्दी अस्पताल ले जाना पड़ेगा। मैं तुरंत अपने एक सह शिक्षक के साथ मौके पर गया, जिसके बाद हम अस्पताल गए। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने परामर्श दिया कि बच्चे को कटक के एससीबी अस्पताल शिफ्ट कर दिया जाए। हमनें सरकारी एम्बुलेंस की व्यवस्था कर बच्चे को अस्पताल भेजा। हमनें घायल बच्चे के अभिभावकों को आश्वस्त दिया कि हम उनकी सुविधा का ध्यान रखेंगे और गरीब होने के कारण हमने उनकी आर्थिक सहायता भी की। आज सुबह जब मैं लगभग 9 बजे विद्यालय पहुंचा तो थोड़ी देर बाद अन्य शिक्षकों ने मुझे सूचित किया कि ग्रामीणों ने गेट पर ताला जड़ दिया है।"
फिलहाल, इस घटना के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी का मुद्दा गंभीर चिंता का विषय बन गया है। समझाइश के बाद ग्रामीणों ने ताला तो खोल दिया गया पर अभिभावक लगातार सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ बच्चे का इलाज अभी कटक के एससीबी अस्पताल में जारी है।
(शुभम कुमार की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें-
घर देखने पहुंचे पति-पत्नी पर पिटबुल कुत्ता का हमला, काट-काटकर कर दिया घायल; डरावना है VIDEO