Breaking News in Hindi: हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है? जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से छूट ना जाएं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरें और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। पढ़ें दिन भर के बड़े अपडेट्स...
- Hindi News
- भारत
- राष्ट्रीय
- Breaking News Highlights: पढ़िए देश-दुनिया की बड़ी खबरें और रहिए हर वक्त अपडेट
Breaking News Highlights: पढ़िए देश-दुनिया की बड़ी खबरें और रहिए हर वक्त अपडेट
Breaking News in Hindi: देश-दुनिया की सभी बड़ी खबरें अगर आप एक ही प्लेटफॉर्म पर पाना चाहते हैं तो इस लाइव ब्लॉग को पढ़ें। यहां आपको देश में घटने वाली प्रमुख घटनाओं, राजनीतिक हलचल और विदेशों के बड़े अपडेट्स मिलेंगे।
Breaking News in Hindi Live 3 January 2023
-
11:43 PM (IST) Jan 03, 2023
हत्या के मामले में 18 साल से फरार आरोपी पटना से गिरफ्तार
गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा स्थित एक एटीएम गार्ड की कथित हत्या के मामले में 18 साल से फरार चल रहे आरोपी मुकेश सिंह को पुलिस ने बिहार के पटना से गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस उपायुक्त (नोएडा) आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि सिंह मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है और वर्ष 2004 में घटना के समय वह निजी सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। उन्होंने बताया कि सिंह ने 28-29 मार्च 2004 की दरमियानी रात नोएडा सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 में लगे ओवरसीज बैंक के एटीएम को काट कर लूट की कोशिश की थी और विरोध करने पर वहां तैनात सुरक्षा गार्ड गाजियाबाद निवासी बुद्धसेन की अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी थी।
-
11:37 PM (IST) Jan 03, 2023
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 5 जनवरी से करेंगे समाधान यात्रा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 5 जनवरी से समाधान यात्रा करेंगे। यात्रा का पहला पड़ाव वाल्मीकिनगर होगा जहां कटाव स्थल का निरीक्षण, सामुदायिक भवन का उद्घाटन और दलदलिया पोखरा के सौंदर्यीकरण का जायजा लेंगे। इसके बाद बेतिया कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री और अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समीक्षा करेंगे। 7 फरवरी तक नीतीश कुमार पूरे बिहार के 38 जिलों में से 18 जिलों में जाएंगे और हर जिले में योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
-
11:36 PM (IST) Jan 03, 2023
वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव
वंदेभारत एक्सप्रेस पर एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई है। यह ट्रेन हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलती है। जानकारी के मुताबिक इस ट्रेन पर न्यू जलपाईगुड़ी के पास पथराव की घटना हुई है। इस संबंध पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
-
10:49 PM (IST) Jan 03, 2023
चंडीगढ़ से तस्करी कर पंजाब ले जायी जा रही शराब जब्त
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के आबकारी विभाग ने 300 पेटी शराब बरामद की है। बरामद शराब चंडीगढ़ से कथित रूप से तस्करी कर पंजाब लायी जा रही थी। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। पंजाब के आबकारी विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘आबकारी विभाग फतेहगढ़ साहिब और आबकारी पुलिस ने तस्करी कर ले जायी जा रही भारत में बनी विदेशी शराब की 300 पेटियां जब्त की है जिनकी कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। यह चंडीगढ़ से तस्करी कर पंजाब लायी जा रही थी।
-
10:23 PM (IST) Jan 03, 2023
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के काफिले की एक गाड़ी बस से टकराई
बुंदेलखंड एक्सप्रेस की बस और प्रह्लाद पटेल के काफिले की पायलट गाड़ी में जोरदार टक्कर हुई। गाड़ी में बैठे लोगों में एक को छोड़कर सभी को चोट आई है
-
9:27 PM (IST) Jan 03, 2023
नाइजीरिया : काफिले को निशाना बनाकर किए गए कार बम विस्फोट में चार लोगों की मौत
दक्षिणपूर्व नाइजीरिया में एक पूर्व सरकारी अधिकारी को निशाना बनाकर किए गए कार बम विस्फोट में चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त मोहम्मद बर्दे ने कहा कि इमो राज्य में पूर्व गवर्नर इकेदी ओहाकिम को ले जा रहे एक काफिले पर हुए हमले में तीन पुलिस अधिकारी और अर्द्धसैनिक बल के एक अधिकारी की मौत हो गई।
-
8:40 PM (IST) Jan 03, 2023
कंझावला कांड: दोस्त ने बताया-अंजलि बहुत ज्यादा नशे की हालत में थी
घटना की चश्मदीद निधि ने बताया कि अंजलि बहुत ज्यादा नशे की हालत में थी। मैंने उसे कहा था कि मुझे स्कूटी चलाने दे लेकिन उसने मुझे स्कूटी चलाने नहीं दी। कार से टक्कर हुई उसके बाद मैं एक तरफ गिर गई और वो कार के नीचे आ गई, उसके बाद गाड़ी के नीचे वह किसी चीज में अटक गई।
-
7:34 PM (IST) Jan 03, 2023
महाराष्ट्र में रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल खत्म
महाराष्ट्र में रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल खत्म हुई। राज्यभर के सरकारी अस्पताल के करीब 7 हजार डॉक्टर्स हॉस्टल के रखरखाव और निवास की मांग को लेकर कल से हड़ताल पर थे। आज मेडिकल एजुकेशन मिनिस्टर गिरीष महाजन के साथ रेजिडेंट डॉक्टर्स की बैठक हुई जिसके बाद डॉक्टर्स के संगठन ने हड़ताल वापस ले ली।
-
6:27 PM (IST) Jan 03, 2023
मेरे और लालू जी के अलावा कोई भी महागठबंधन और पार्टी नेतृत्व पर टिप्पणी नहीं करेगा-तेजस्वी
RJD विधायक सुधाकर सिंह के बयान पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा किदिल्ली के राष्ट्रीय अधिवेशन में तय हुआ था कि मेरे और RJD अध्यक्ष लालू जी के अलावा कोई भी महागठबंधन और पार्टी नेतृत्व पर टिप्पणी नहीं करेगा।
-
5:02 PM (IST) Jan 03, 2023
कंझावला कांड : पीड़िता के परिवार को दस लाख रुपये का मुआवज़ा-केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कंझावला कांड की पीड़िता को 10 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। उन्होंने ट्वीट इस बात का ऐलान किया है।
-
4:58 PM (IST) Jan 03, 2023
रॉ के पूर्व प्रमुख ए.एस दुलत भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए
रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के पूर्व प्रमुख ए.एस. दुलत दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए।
-
3:59 PM (IST) Jan 03, 2023
हिमाचल प्रदेश: वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की हार्ट अटैक से मौत, सीएम की रैली में कर रहे थे ड्यूटी
धर्मशाला में मुख्यमंत्री की रैली में ड्यूटी कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी छाजू राम राणा की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
-
2:40 PM (IST) Jan 03, 2023
रोड एक्सिडेंट में घायल छात्रा अस्पताल में भर्ती
नोएडा में कार सवार युवकों ने छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बीटेक फाईनल ईयर की एक छात्रा स्वाति कुमारी कोमा में चली गई है। 31 दिसंबर को हुई इस घटना में छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई है और वह ICU में भर्ती है। टक्कर मारने के बाद कार सवार युवक फरार हो गए।
-
2:22 PM (IST) Jan 03, 2023
12 साल की बच्ची के साथ रेप, गुस्साए लोगों ने आरोपी की गाड़ियों को लगाई आग
मध्य प्रदेश के बैतूल शहर में 12 साल की लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी की दो गाड़़ियों को आग के हवाले कर दिया। आरोपी (58) स्थानीय नगर निकाय का पूर्व सदस्य है और उसे अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना कोतवाली थाना इलाके में सोमवार शाम को हुई और लड़की ने अपने परिजन को घटना की जानकारी दी।
कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि घटना से आक्रोशित होकर लोगों ने आरोपी रमेश गुलहाने के घर के बाहर उसकी एक कार एवं एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी। उन्होंने कहा कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए उसे हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। सोनी ने बताया कि पुलिस ने गुलहाने के खिलाफ भादंसं की धारा 376 और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इसी बीच, मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को भोपाल में संवाददाताओं से कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में गुलहाने के साथ-साथ हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
-
12:29 PM (IST) Jan 03, 2023
राजस्थान: राष्ट्रपति मुर्मू ने राजभवन में संविधान पार्क का लोकार्पण किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां राजभवन में नवनिर्मित संविधान पार्क का मंगलवार को लोकार्पण किया। राजस्थान की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू ने संविधान पार्क की पट्टिका का अनावरण तथा पार्क का उद्घाटन किया। लोकार्पण के बाद राष्ट्रपति ने संविधान पार्क का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सी. पी. जोशी उनके साथ थे।
-
11:58 AM (IST) Jan 03, 2023
भारतपे के CEO सुहैल समीर ने पद छोड़ा
भारतपे के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुहैल समीर ने पद छोड़ दिया है। समीर का कंपनी के पूर्व संस्थापक अशनीर ग्रोवर के साथ विवाद हुआ था। भारतपे ने एक बयान में कहा कि समीर 7 जनवरी 2023 से रणनीतिक सलाहकार के रूप में सेवाएं देंगे। इसमें आगे कहा गया, ‘मौजूदा मुख्य वित्तीय अधिकारी नलिन नेगी को अंतरिम सीईओ निुयक्त किया गया है।’
-
11:15 AM (IST) Jan 03, 2023
पुणे के 3 विचाराधीन कैदियों की अस्पताल में मौत
महाराष्ट्र के पुणे शहर में येरवडा केंद्रीय कारागार में 3 विचाराधीन कैदियों की विभिन्न बीमारियों के कारण मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि इन कैदियों का एक सरकारी अस्पताल में उपचार हो रहा था। बहरहाल, तीनों कैदियों के परिवार के सदस्यों ने जेल प्रशासन और पुलिस के दावों का विरोध किया और उनकी मौत की जांच की मांग करते हए सोमवार को जेल के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तीनों की शनिवार को ससून जनरल हॉस्पिटल में मौत हो गयी। उन्होंने कहा, ‘3 विचाराधीन कैदियों में से एक HIV से पीड़ित था जबकि एक अन्य लीवर सिरोसिस से पीड़ित था, तीसरे को दिल से जुड़ी बीमारी थी। सभी की 31 दिसंबर को इलाज के दौरान मौत हो गयी। यह प्राकृतिक मौत थी।’
-
11:14 AM (IST) Jan 03, 2023
पंजाब सीमा पर BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया
सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गुरदासपुर क्षेत्र में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि घुसपैठ की इस कोशिश का सुबह करीब आठ बजे पता चला और ऐसा बताया जा रहा है कि घुसपैठिया हथियारबंद था। उन्होंने बताया कि इलाके में अभी तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
-
11:13 AM (IST) Jan 03, 2023
महाराष्ट्र: ठाणे में एक बस में लगी आग, यात्री बाल-बाल बचे
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार को एक बस में आग लग गई, उसमें सवार 65 यात्री बाल-बाल बच गए। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि हादसा शहर की सीमा से लगे उत्तलेश्वर के पास सुबह करीब आठ बजे हुआ। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस कम से कम 65 यात्रियों को लेकर ठाणे से पड़ोसी शहर भिवंडी जा रही थी। आग की लपटे देखने के बाद चालक ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों को बस से उतरने को कहा। उन्होंने बताया कि बस आंशिक रूप से जल गई है। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय दमकलकर्मी और आरडीएमसी का एक दल मौके पर पहुंचा और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि भिवंडी डिपो की इस बस में शायद शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।
-
11:12 AM (IST) Jan 03, 2023
भारत में कोविड-19 के 134 नए मामले
भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 134 नए मामले आए जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,582 हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.46 करोड़ (4,46,78,956) दर्ज की गयी। संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,30,707 है। संक्रमण की दैनिक दर 0.09 प्रतिशत दर्ज की गयी जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.13 प्रतिशत दर्ज की गयी। उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.80 प्रतिशत हो गयी है। बीते 24 घंटे में कोविड-19 का उपचार करा रहे मरीजों की संख्या में 88 मामलों की कमी दर्ज की गयी है। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,45,667 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 220.11 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
-
11:11 AM (IST) Jan 03, 2023
बुर्किना फासो ने फ्रांस के राजदूत को निष्कासित किया
बुर्किना फासो के सैन्य शासन ने फ्रांस के राजदूत को निष्कासित कर दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस पश्चिमी अफ्रीकी देश में फ्रांस विरोधी भावनाएं बढ़ रही हैं और देश का झुकाव रूस से मजबूत संबंध बनाने की ओर है। सरकार के प्रवक्ता ज्यां इमैनुएल ओउड्रागो ने पुष्टि की कि फ्रांस के राजदूत ल्यूस हैलादे को देश से जाने के लिए कहा गया है। प्रवक्ता ने इस संबंध में और कोई जानकारी नहीं दी। वहीं फ्रांस के दूतावास ने इस संबंध में कुछ भी बताने से इनकार किया। हैलादे के निष्कासन से करीब दो सप्ताह पहले संयुक्त राष्ट्र के मानवीय अभियानों की समन्वयक बारबरा मेंजी को भी देश से जाने के आदेश दिए गए थे।
गौरतलब है कि देश अलकायदा और इस्लामिक स्टेट की आतंकी गतिविधियों की गिरफ्त में है और इनसे जुड़ी हिंसा में हजारों की संख्या में लोग मारे जा चुके हैं तथा कम से कम 20 लाख लोग विस्थापित हुए है। वर्तमान सैन्य शासन ने पिछले वर्ष तत्कालीन सरकार का तख्तापलट किया था और दावा किया था वह हिंसा रोकने में नाकाम रही है। नए सैन्य शासक कैप्टन इब्राहिम टीराओरे के सितंबर में शासन संभालने के बाद से ही देश में फ्रांस विरोधी भावनाएं बढ़ी है। कैप्टन कई मौकों पर अन्य देशों, खास तौर पर रूस के साथ काम करने की बात कह चुके हैं।
-
11:09 AM (IST) Jan 03, 2023
रविंद्र संगीत की प्रख्यात गायिका सुमित्रा सेन का निधन
रविंद्र संगीत की प्रख्यात गायिका सुमित्रा सेन का मंगलवार को सुबह शहर में स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 89 वर्ष की थीं। सुमित्रा सेन ब्रोंको-निमोनिया से पीड़ित थीं और उन्हें 21 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि तीन दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। उनकी दोनों बेटियां उन्हें दक्षिण कोलकाता में स्थित उनके घर ले आयी थीं। उनकी बेटी श्रावणी सेन ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘मां आज सुबह हमें छोड़कर चली गयीं।’ सुमित्रा सेन की दोनों बेटियां श्रावणी और इंद्राणी भी रविंद्र संगीत की प्रसिद्ध गायिका हैं।
-
11:08 AM (IST) Jan 03, 2023
ठाणे में कोरोना वायरस के 2 नए संक्रमित मिले
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के दो नए मामले पाए गए हैं, जिसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7,47,400 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि सोमवार को दो नए मामलों का पता चलने के बाद जिले में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। यह जिला मुंबई महानगर क्षेत्र के अंतर्गत आता है। उन्होंने आगे बताया कि सोमवार को किसी मरीज की मौत नहीं हुई, जिससे मृतकों का आंकड़ा 11,969 पर स्थिर है। जिले में 7,36,190 कोविड मरीज संक्रमण को मात दे चुके हैं।
-
11:07 AM (IST) Jan 03, 2023
ओडिशा में एक और रूसी नागरिक मृत मिला
ओडिशा में मंगलवार को एक और रूसी नागरिक मृत पाया गया। पुलिस ने कहा कि एक पखवाड़े में इस तरह की यह तीसरी घटना है। जगतसिंहपुर जिले के पारादीप बंदरगाह पर लंगर डाले जहाज में रूसी नागरिक मिलाकोव सर्गेई (51) मृत मिला। सर्गेई पारादीप के रास्ते बांग्लादेश के चटगांव बंदरगाह से मुंबई जा रहे जहाज एमबी अलदना का चीफ इंजीनियर था। जहाज के अपने कक्ष में वह सुबह साढ़े चार बजे मृत पाया गया। मौत की वजह का तत्काल पता नहीं चल पाया है।
पारादीप पत्तन न्यास के अध्यक्ष पी. एल. हरानंद ने रूसी इंजीनियर की मौत की पुष्टि की और कहा कि मामले की जांच की जा रही है। दिसंबर के उत्तरार्द्ध में दक्षिणी ओडिशा के रायगढ़ शहर में एक सांसद सहित दो रूसी पर्यटक रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। रूसी सांसद पावेल एंटोव (65) की 24 दिसंबर को होटल की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद मौत हो गई थी, जबकि व्लादिमीर बाइडेनोव (61) 22 दिसंबर को होटल के अपने कमरे में मृत पाए गए थे। ओडिशा पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
-
9:25 AM (IST) Jan 03, 2023
तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत
तमिलनाडु में एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत की खबर है। पुलिस के मुताबिक, कुड्डालोर जिले के वेपपुर के पास 5 वाहनों की आपस में टक्कर होने से 5 लोगों की मौत हो गई।
-
7:41 AM (IST) Jan 03, 2023
शिंदे ने किया तिरुमाला भगवान वेंकटेश स्वामी मंदिर का दौरा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को आंध्र प्रदेश के तिरुपति में वैकुंठ एकादशी के अवसर पर तिरुमाला भगवान वेंकटेश स्वामी मंदिर का दौरा किया।
-
6:47 AM (IST) Jan 03, 2023
अदालत ने दिल्ली दंगे के दो आरोपियों को बरी किया
उत्तर पूर्वी दिल्ली में 2020 में हुए दंगे के दो आरोपियों को बरी करते हुए अदालत ने कहा कि एकमात्र गवाह के ‘संदिग्ध व्यक्ति’ होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। अदालत ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर और कुछ गवाहों की व्यवस्था कर ‘जांच का दिखावा’ किया गया; ऐसे में सबूत कैसे अदालत की कसौटी पर खरे उतरेंगे। अदालत ने कहा कि यह ‘पीड़ितों की पीड़ा के प्रति पूरी तरह से उदासीनता है।’
अदालत अजय और गौरव पांचाल के खिलाफ दर्ज मामले की सुनवाई कर रही थी, जिनपर दंगाइयों के गैर कानूनी जन समूह का सदस्य होने, अवैध हथियारों से लैस होने और संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन की आड़ लेकर तोड़-फोड़, हिंसा, आपराधिक घुसपैठ और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप थे। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, दोनों आरोपी उस भीड़ का हिस्सा थे, जिसने 25 फरवरी 2020 को उत्तर पूर्वी दिल्ली के मीत नगर में कपड़ों की दुकान में तोड़-फोड़ और लूटपाट की थी।
मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अभिनव पांडेय ने 16 दिसंबर को सुनाए गए आदेश में कहा, ‘मेरी राय है कि अभियोजन संदेह से परे अपने मामले को स्थापित करने में विफल रहा, इसलिए आरोपियों को बरी किया जाता है।’
-
6:37 AM (IST) Jan 03, 2023
जननयोगाश्रम के सिद्धेश्वर स्वामी का निधन
जननयोगाश्रम के संत सिद्धेश्वर स्वामी का सोमवार को निधन हो गया। अपनी विद्वता और मुखर वक्ता के रूप में प्रसिद्ध 81 वर्षीय संत पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। अपने अनुयायियों में ‘वॉकिंग गॉड’ (जीवित भगवान) के रूप में लोकप्रिय संत के निधन की घोषणा करते हुए विजयपुरा के उपायुक्त विजय महंतेश धनम्मनावा ने बताया कि उन्होंने सोमवार को आश्रम में अंतिम सांस ली।
कर्नाटक सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने सिद्धश्वर स्वामी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान से करने का निर्णय किया है। आधिकारिक बयान के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार मंगलवार शाम पांच बजे के करीब किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।
-
6:36 AM (IST) Jan 03, 2023
प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी पर फर्जी बयान दिया: जयराम रमेश
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पर राहुल गांधी के बारे में ‘झूठे’ बयान देने का आरोप लगाया। रमेश ने जोशी को अपनी उस टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहा जिसमें उन्होंने कहा था कि गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से विराम लेकर छुट्टी पर जा रहे हैं। रमेश ने ट्विटर पर कहा, ‘प्रह्लाद जोशी आपने इससे बचने की उम्मीद में बड़े, बड़े और फर्जी बयान दिए हैं। आपका झूठ पकड़ा गया है। आपने राहुल गांधी और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर जो कहा था, उसके लिए माफी तो मांग लें।’
जोशी ने पहले आरोप लगाया था कि गांधी छुट्टी पर जा रहे हैं और इसीलिए उन्होंने अपनी भारत जोड़ो यात्रा पर लंबा विराम लिया गया है। हाल में संपन्न शीतकालीन सत्र में इस मामले पर रमेश द्वारा सरकार पर हमला करने के बाद संसदीय कार्य मंत्री ने यह कहते हुए पलटवार किया था कि ‘‘आपके नेता (भारत जोड़ो) यात्रा को छोड़कर विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं और आपको अब संसद की याद आई है।’