1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. BRICS समिट में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे चीन के राष्ट्रपति, एक मंच पर फिर दिखेंगे मोदी-पुतिन-जिनपिंग
  Live Now

BRICS समिट में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे चीन के राष्ट्रपति, एक मंच पर फिर दिखेंगे मोदी-पुतिन-जिनपिंग

 Written By: Amar Deep
 Updated : Sep 12, 2026 01:32 pm IST

18वें BRICS समिट का आज से आगाज हो गया है। ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्ष आज आमने-सामने होंगे। एक बार फिर मोदी-पुतिन-जिनपिंग एक मंच पर दिखेंगे। ऐसे में पूरी दुनिया की निगाहें दिल्ली पर होंगी।

BRICS समिट की आज से शुरुआत।- India TV Hindi
BRICS समिट की आज से शुरुआत। Image Source : PTI

आज से दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की शुरुआत हो गई है, जिसमें आज दुनिया दिल्ली में एक नया वर्ल्ड ऑर्डर देख सकती है। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के मंच पर एक साथ पीएम मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिखेंगे। भारत मंडपम में दुनिया की आधी आबादी के नेता क्लोज्ड डोर सेशन करेंगे। वहीं देर शाम पीएम मोदी की मेजबानी में आज डिनर का आयोजन होगा।

इससे पहले आज एशिया की दो महाशक्तियों के बीच मुलाकात होगी। ब्रिक्स समिट में पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात होने वाली है। करीब 7 साल बाद भारत के दौरे पर पहुंचे शी जिनपिंग का ये दौरा काफी अहम है। एक तरफ ब्रिक्स समिट, तो दूसरी तरफ भारत के साथ रिश्तों में सुधार की उम्मीद है। पीएम मोदी और जिनपिंग का मकसद दोनों देशों के बीच तनाव को कम करना है। इसके अलावा भारत-चीन में विश्वास बहाली करके भविष्य की दिशा तय करना है। साथ ही दोनों नेता ट्रेड डेफिसिट को कम करने के उपायों पर भी चर्चा कर सकते हैं।

Live updates :BRICS_SUMMIT_2026_LIVE

Auto Refresh
Refresh
  • 1:24 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'भारत में मेरा कुल अनुभव बहुत अच्छा रहा है'

    यूएई के द नेशनल की पत्रकार वनेसा घनेम ने कहा, 'मैं आखिरी बार 2025 में भारत आई थी। तब मैं विदेश मंत्रालय की ओर से हर साल आयोजित होने वाले रायसीना डायलॉग में शामिल होने आई थी। पिछले साल और इस साल, दोनों बार मैंने भारत में कुछ शानदार जगहों का दौरा किया। मैं ताजमहल और हुमायूं का मकबरा देखने गई। मुझे लगा कि दोनों जगहें कुछ हद तक एक जैसी हैं, लेकिन दोनों में काफी अंतर भी है। यहां की वास्तुकला, कहानियां, इतिहास और संस्कृति अद्भुत हैं और अपने भीतर कई संदेश समेटे हुए हैं। भारत में मेरा कुल अनुभव बहुत अच्छा रहा है। मेरा मानना है कि रविवार को होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन पर दुनियाभर की नजर रहेगी और लोग इसके नतीजों का इंतजार करेंगे, खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक अर्थव्यवस्था अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है, मध्य पूर्व में संकट है और होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली शिपिंग भी प्रभावित हुई है। इसके अलावा, बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए ईरान और हूती विद्रोहियों से खतरा भी बढ़ रहा है। इन सभी संकटों का असर ऊर्जा की कीमतों पर भी पड़ा है और तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। मेरा मानना है कि ये मुद्दे और इन पर होने वाली चर्चाएं किसी न किसी रूप में BRICS की बातचीत में प्रमुख रहेंगी। शिखर सम्मेलन में इसके मुख्य विषयों पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिनमें खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, आपदाओं से निपटने की तैयारी, तनाव और सप्लाई चेन जैसे मुद्दे शामिल हैं।'

  • 12:48 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    वियतनाम के प्रधानमंत्री के साथ PM मोदी ने की द्विपक्षीय बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

  • 12:32 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राष्ट्रपति मुर्मू और पेजेश्कियान के बीच हुई बैठक

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के साथ बैठक की।

  • 12:14 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पीएम मोदी ने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के साथ की बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 के दौरान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

  • 11:52 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इथियोपिया के प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी की मुलाकात पर विदेश मंत्रालय ने दिया बयान

    विदेश मंत्रालय ने बताया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबिय अहमद अली से मुलाकात की। यह सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में हो रहा है। दोनों नेताओं ने आपसी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के मकसद से बातचीत की। उन्होंने आर्थिक सहयोग, रक्षा और सुरक्षा साझेदारी और क्षमता निर्माण जैसे अहम क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी की दिसंबर 2025 में अदीस अबाबा की ऐतिहासिक यात्रा के बाद हुई है। दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों पर करीबी सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इथियोपिया की भागीदारी की सराहना की और कहा कि उनकी मौजूदगी से 'ग्लोबल साउथ' की सामूहिक आवाज़ को मजबूती मिली है।"

  • 11:48 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ पीएम मोदी की मुलाकात पर विदेश मंत्रालय ने दिया बयान

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के साथ बातचीत की। इस बातचीत में ऊर्जा, रक्षा, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर ध्यान दिया गया। अनवर ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आए हुए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, "फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा को आगे बढ़ाते हुए, नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।" उन्होंने कहा कि नेताओं ने आपसी हित के अहम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

  • 11:40 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दिल्ली पहुंचे शी जिनपिंग

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग नई दिल्ली पहुंच गए हैं।

  • 11:29 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इथियोपिया और मलेशिया के साथ हुई द्विपक्षीय बैठकों में क्या हुआ?

    भारत सरकार के सूत्रों ने बताया कि आज प्रधानमंत्री मोदी की इथियोपिया और मलेशिया के साथ हुई द्विपक्षीय बैठकों ने इन देशों के साथ भारत के रिश्तों को एक नई दिशा दी है। दोनों देशों ने भारत के साथ मज़बूत रक्षा सहयोग की इच्छा जताई। इसमें संयुक्त रूप से कर्मियों की ट्रेनिंग और भारत से रक्षा उपकरणों की खरीद पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने भारतीय उद्योग और निवेश का स्वागत किया। इथियोपिया ने खास तौर पर भारतीय माइनिंग कंपनियों का स्वागत किया। मलेशिया के साथ सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में मौकों पर भी चर्चा हुई।

  • 11:18 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    यूरोप के साथ टकराव की कोई वजह नहीं: पुतिन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "ऐसा कोई खतरा नहीं है और न ही कभी रहा है। हम यूरोपीय देशों को न तो धमका रहे हैं और न ही धमकाने वाले हैं। हम ऐसा क्यों करेंगे? किसी को यह ख्याल भी नहीं आता कि यूरोप के साथ हमारे किसी भी टकराव की कोई वजह नहीं है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद सभी मसले सुलझा लिए गए थे। और बाद में, सोवियत संघ के टूटने के बाद जो कुछ भी हुआ, वह सोवियत संघ के उत्तराधिकारी के तौर पर रूसी संघ की सहमति से हुआ था। उन समझौतों के खिलाफ जो कुछ भी होता है, वह हमारे हितों के खिलाफ है और अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के बुनियादी सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है।"

  • 10:57 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पीएम मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ की द्विपक्षीय बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट 2026 के दौरान हैदराबाद हाउस में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

  • 10:26 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इथियोपिया के प्रधानमंत्री से मिले पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट 2026 से इतर हैदराबाद भवन में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

  • 10:23 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दिल्ली में कई रूट डायवर्ट

    12 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। भारत मंडपम, प्रगति मैदान के आसपास 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित रहेंगी। ट्रैफिक पुलिस ने कुल 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

    प्रमुख डायवर्जन-

    • दीन दयाल उपाध्याय चौक-मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट।
    • राम चरण अग्रवाल चौक-कमर्शियल वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं।
    • मीर दर्द चौक-महाराजा रणजीत सिंह मार्ग की तरफ ट्रैफिक डायवर्ट।
    • कस्तूरबा गांधी मार्ग/आउटर सर्किल-सी-हेक्सागन की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक।
    • जनपथ-कनॉट प्लेस-सी-हेक्सागन की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।
    • पटेल चौक-विंडसर प्लेस और आरबीआई की तरफ जाने वाले वाहन डायवर्ट।
    • आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट-मदर टेरेसा क्रिसेंट और तालकटोरा रोड की तरफ जाने पर रोक।
    • वंदे मातरम मार्ग/साइमन बोलिवर मार्ग-साइमन बोलिवर मार्ग बंद रहेगा।
    • धौला कुआं फ्लाईओवर-सरदार पटेल मार्ग पर डायवर्जन।
    • मोती बाग फ्लाईओवर-शांति पथ की तरफ ट्रैफिक प्रतिबंधित।
    • ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग-अफ्रीका एवेन्यू की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।
    • मदरसा टी-पॉइंट-अरबिंदो मार्ग की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक।
    • लोधी रोड/अमृता शेरगिल मार्ग-अमृता शेरगिल मार्ग बंद।
    • लोधी रोड/मैक्स म्यूलर मार्ग-मैक्स म्यूलर मार्ग बंद।
    • लोधी रोड/महार्षि रमण मार्ग-महार्षि रमण मार्ग पर ट्रैफिक प्रतिबंध।
    • लोधी रोड/आर्च बिशप मैकारियस मार्ग-आर्च बिशप मैकारियस मार्ग बंद।
    • अंडर लोधी फ्लाईओवर-मथुरा रोड की तरफ जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट।
    • नीला गुंबद-ओबेरॉय फ्लाईओवर/डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग की तरफ जाने पर रोक।
    • अंडर ओबेरॉय फ्लाईओवर-मथुरा रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन।
    • डीपीएस, मथुरा रोड के सामने यू-टर्न, भारत मंडपम की तरफ जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट।
    • रिंग रोड/भैरों रोड की तरफ जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट।
    • मंडी हाउस, फिरोज शाह रोड, भगवान दास रोड और कॉपरनिकस मार्ग की तरफ डायवर्जन।

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की अपील: जरूरी न हो तो इन रास्तों पर जाने से बचें और डायवर्ट किए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

  • 10:06 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बेलारूस के विदेश मंत्री पहुंचे दिल्ली

    बेलारूस गणराज्य के विदेश मंत्री मैक्सिम रिज़ेंकोव BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के लिए भारत पहुंचे।

     

  • 9:50 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सिरिल रामफोसा ने गौतम अडाणी से की मुलाकात

    ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी से मुलाकात की।

  • 9:36 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दुनिया संरचनात्मक बदलावों के दौर में प्रवेश कर चुकी है: पुतिन

    रूस के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "ब्रिक्स बिजनेस फोरम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा: दुनिया गहरे संरचनात्मक बदलावों के दौर में प्रवेश कर चुकी है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि आर्थिक विकास में सबसे आगे रहने वाले पुराने नेताओं की जगह अब विकास को आगे बढ़ाने वाले नए कारक ले रहे हैं।"

  • 9:13 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मलेशिया के राष्ट्रपति ने पुतिन से की मुलाकात

    मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच सहयोग पर चर्चा की।

  • 9:04 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मोदी-जिनपिंग के बीच होगी द्विपक्षीय बैठक

    भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने एक्स पर लिखा, "चीन और भारत, राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की व्यवस्था कर रहे हैं। कजान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद, यह लगातार तीसरा साल होगा जब दोनों नेता एक-दूसरे से मिलेंगे। चीन, दोनों नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन पर अमल करने, द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखने, बातचीत बढ़ाने, सहयोग को मजबूत करने, मतभेदों को सही ढंग से सुलझाने और अच्छे पड़ोसी व एक-दूसरे की सफलता में मददगार साझेदार के तौर पर दोस्ती निभाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करेगा।"

     

  • 8:44 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'भारत मेरी उम्मीद से कहीं बेहतर है'

    18वें BRICS शिखर सम्मेलन में जर्मनी के मीडिया प्रतिनिधि बेन ने कहा, 'मैं बहुत हैरान हूं। भारत मेरी उम्मीद से कहीं बेहतर है। अब तक सम्मेलन का आयोजन बिल्कुल शानदार है। हमें मीडिया किट दी गई है। मैं ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका में हुए BRICS सम्मेलनों में भी जा चुका हूं, लेकिन यह अब तक का सबसे अच्छा बैग है। हमें वीगन सुपर फूड, कॉफी और एक हल्का मग दिया गया है। इसके अलावा एक सुंदर स्कार्फ, पानी की बोतल और कुछ अन्य तरह के सुपर फूड भी दिए गए हैं।'

  • 8:22 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    फिलीपींस के राष्ट्रपति पहुंचे दिल्ली

    विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर का नई दिल्ली पहुंचने पर हार्दिक स्वागत है। वे ASEAN के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए हैं। राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उनकी अगवानी की।"

  • 7:50 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    एंटोनियो गुटेरेस ने पीएम मोदी से की मुलाकात

    ब्रिक्स समिट से पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। महासचिव ने संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत के करीबी सहयोग की सराहना की। महासचिव और प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स की भारत की अध्यक्षता की प्राथमिकताओं पर चर्चा की, जिसमें ऐसी बहुपक्षीय संस्थाओं की ज़रूरत पर बात हुई जो 21वीं सदी की दुनिया की वास्तविकताओं को स्पष्ट रूप से दर्शाती हों। महासचिव और प्रधानमंत्री ने मध्य पूर्व और यूक्रेन में चल रहे संघर्षों और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर उनके असर (खासकर भोजन और उर्वरक की उपलब्धता पर) के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। महासचिव ने नेविगेशन की स्वतंत्रता के सिद्धांत को दोहराया। दोनों नेताओं ने घातक स्वायत्त हथियारों से बढ़ते खतरे पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

  • 7:40 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    चीन से रवाना हुए शी जिनपिंग

    चीन के ग्लोबल टाइम्स ने ट्वीट किया, "शिन्हुआ के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए बीजिंग से रवाना हुए। उन्हें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आमंत्रित किया था। शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, शी के साथ जाने वाले दल में काई ची (जो कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ चाइना (CPC) की सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो की स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य और CPC सेंट्रल कमेटी के जनरल ऑफ़िस के डायरेक्टर हैं) और वांग यी (जो CPC सेंट्रल कमेटी के पॉलिटिकल ब्यूरो के सदस्य और चीन के विदेश मंत्री हैं) शामिल हैं।"

  • 7:32 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    WTO की डायरेक्टर-जनरल पहुंचीं भारत

    वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गनाइजेशन की डायरेक्टर-जनरल न्गोजी ओकोन्जो-इवेला ब्रिक्स समिट 2026 के लिए भारत पहुंचीं।

     

  • 7:23 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    फिलिपींस के राष्ट्रपति पहुंचे दिल्ली

    फिलिपींस गणराज्य के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के लिए भारत पहुंचे।

     

     

  • 7:18 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    WHO के महानिदेशक पहुंचे दिल्ली

    WHO के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनोम घेब्रेयेसस ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के लिए भारत पहुंच गए हैं।

  • 7:03 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज पारिला पहुंचे दिल्ली

    क्यूबा गणराज्य के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज पारिला ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के लिए भारत पहुंच गए हैं।

  • 6:52 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राष्ट्रीय मुद्रा को मजबूत किया जाना चाहिए: पेजेश्कियन

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा, "ब्रिक्स में अलग-अलग राय हैं, लेकिन सभी सदस्य देश इस बात पर सहमत हैं कि राष्ट्रीय मुद्रा को मजबूत किया जाना चाहिए और सदस्य देशों के बीच व्यापार राष्ट्रीय मुद्राओं के जरिए होना चाहिए। हालांकि, एक ही मुद्रा अपनाने का मामला अभी भी विचाराधीन है।"

     

  • 6:46 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    एक मंच पर दिखेंगे मोदी-पुतिन-जिनपिंग

    BRICS समिट में आज दुनिया के तीन दिग्गज लीडर एक साथ होंगे। पीएम मोदी, राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज एक मंच पर होंगे। ऐसे में दुनिया को एक नया वर्ल्ड ऑर्डर देखने को मिलेगा। इसकी झलक एक दिन पहले BRICS बिजनेस फोरम में दिख चुकी है। जब पीएम मोदी ने बताया कि भारत आज पूरी दुनिया को ग्लोबल भरोसा दे रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत