महिला पहलवान विनेश फोगाट और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के बीच एक बार फिर टकराव देखने को मिल रहा है। इस मामले में बृज भूषण शरण सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण ने कहा, 'मैं अभी उस गड़बड़ी को ठीक कर रहा हूं, जो इस (विनेश फोगाट) महिला ने पीछे छोड़ी है। यह अब मेरा विषय नहीं है। यह मौजूदा WFI को तय करना है कि इवेंट कहां होंगे, कौन मुकाबला करेगा और कौन नहीं।'
एथिलीट को मुकाबला करने से कभी नहीं रोकता WFI
बृज भूषण शरण सिंह ने आगे कहा, 'हालांकि, चूंकि मैंने कई सालों तक WFI के अध्यक्ष के रूप में काम किया है। इसलिए मैं अपने अनुभव से कह सकता हूं कि WFI कभी भी किसी एथलीट को मुकाबला करने से नहीं रोकता, क्योंकि यह महासंघ खिलाड़ियों के लिए ही है।' उन्होंने आगे कहा, 'अगर किसी को रोका गया है, तो उसका कोई न कोई कारण जरूर होगा और वह कारण उन्हें बताया भी गया होगा।'
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, हाल ही में गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट में हिस्सा लेने को लेकर नया विवाद सामने आया है। महिला पहलवान व कांग्रेस नेता विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर प्रतियोगिता से दूर रखने की कोशिश की जा रही है और बार-बार प्रक्रियाओं व नोटिस के जरिए परेशान किया जा रहा है।
WFI ने विनेश फोगाट को लेकर जारी किया नोटिस
भारतीय कुश्ती संघ (WFI) ने विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता और डोपिंग विरोधी नियमों के उल्लंघन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। महासंघ का कहना है कि संन्यास से वापसी के बाद जरूरी नियमों और नोटिस अवधि का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अयोग्य माना गया है।
उन्हें मानसिक रूप से किया जा रहा परेशान- विनेश फोगाट
वहीं, विनेश फोगाट का कहना है कि उन्होंने सभी नियमों का पालन किया है और पहले दिए गए नोटिस का जवाब भी जमा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर कुश्ती से दूर करने की कोशिश हो रही है। विनेश ने यह भी कहा कि अगर उन्हें खेलने नहीं देना है तो सीधे तौर पर कह दिया जाए।
ये भी पढ़ें: