1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू: एलओसी पर हुई गोलीबारी में घायल बीएसएफ जवान हुआ शहीद, आरएसपुरा सेक्टर में था तैनात

जम्मू: एलओसी पर हुई गोलीबारी में घायल बीएसएफ जवान हुआ शहीद, आरएसपुरा सेक्टर में था तैनात

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 11, 2025 11:41 pm IST,  Updated : May 11, 2025 11:49 pm IST

शनिवार को पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में बीएसएफ की 7वीं बटालियन के आठ जवान घायल हो गए थे। कॉन्स्टेबल दीपक चिमंगाखम भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

BSF jawan, martyre- India TV Hindi
दीपक चिमंगाखम, बीएसएफ जवान Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली:  जम्मू क्षेत्र में एक दिन पहले पाकिस्तान द्वारा सीमा पार से की गई गोलीबारी में घायल हुआ एक और जवान शहीद हो गया। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने रविवार को यह जानकारी दी। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कॉन्स्टेबल दीपक चिमंगाखम 10 मई को जम्मू जिले के आर एस पुरा इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा पार से हुई गोलीबारी के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे और 11 मई को शहादत प्राप्त की।’’ 

आठ जवान हुए थे घायल 

पोस्ट में कहा गया कि बीएसएफ महानिदेशक और सभी अधिकारी उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। शनिवार को पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में बीएसएफ की 7वीं बटालियन के आठ जवान घायल हो गए थे, जिनमें उपनिरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज बाद में शहीद हो गए थे।

इम्तियाज के लिए रविवार को जम्मू के पलौरा स्थित बीएसएफ के फ्रंटियर मुख्यालय में पूरे सैन्य सम्मान के साथ पुष्पांजलि अर्पित की गई। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को बिहार के सारण जिले में उनके पैतृक गांव नारायणपुर में किया जाएगा। चिमंगाखम के सम्मान में इसी प्रकार से सोमवार को बीएसएफ के फ्रंटियर मुख्यालय में पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 

इलाज के दौरान इंस्पेक्टर और कॉंस्टेबल की हुई मौत

बता दें कि जम्मू के आर एस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी गोलाबारी में बीएसएफ के आठ जवान घायल हो गए थे। उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां  इलाज के दौरान बीएसफ के सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज की मौत हो गई। बाद में बीएसफ के कॉन्स्टेबल दीपक चिमंगाखम ने भी दम तोड़ दिया। वहीं जम्मू के राजौरी में, अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा और उनके स्टाफ के दो सदस्य शहर में उनके (थापा के) आवास पर गोला गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां थापा ने दम तोड़ दिया। हिमाचल प्रदेश के निवासी सूबेदार मेजर पवन कुमार शनिवार सुबह पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में अपनी चौकी के पास पाकिस्तानी गोलाबारी में शहीद हो गए। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत