Tuesday, December 09, 2025
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उपचुनाव 2025: 7 राज्यों की 8 सीटों पर बंपर वोटिंग, तेलंगाना में सबसे कम तो मिजोरम में सबसे ज्यादा मतदान

उपचुनाव 2025: 7 राज्यों की 8 सीटों पर बंपर वोटिंग, तेलंगाना में सबसे कम तो मिजोरम में सबसे ज्यादा मतदान

सात राज्यों की आठ सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान खत्म हो गया। जम्मू-कश्मीर के बडगाम और नगरोटा, राजस्थान के अंता, झारखंड के घाटशिला, तेलंगाना के जुबली हिल्स, पंजाब के तरनतारन, मिज़ोरम के डम्पा और ओडिशा के नुआपाड़ा में वोट डाले गए।

Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
Published : Nov 11, 2025 06:19 pm IST, Updated : Nov 11, 2025 10:23 pm IST
जम्मू में मतदान के दौरान महिलाएं- India TV Hindi
Image Source : PTI जम्मू में मतदान के दौरान महिलाएं

नई दिल्लीः कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सात राज्यों की आठ सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान खत्म हो गया है। जम्मू-कश्मीर के बडगाम और नगरोटा, राजस्थान के अंता, झारखंड के घाटशिला, तेलंगाना के जुबली हिल्स, पंजाब के तरनतारन, मिज़ोरम के डम्पा और ओडिशा के नुआपाड़ा निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार को वोट डाले गए। 

जम्मू-कश्मीर में बंपर वोटिंग

जम्मू कश्मीर के बडगाम विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मंगलवार को करीब 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बडगाम में मतदान समाप्ति पर अनुमानित मतदान प्रतिशत 49.92 प्रतिशत दर्ज किया गया। बडगाम में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त हुआ। घाटी में अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। पिछले साल के विधानसभा चुनाव में बडगाम में कुल मतदान प्रतिशत 51.13 प्रतिशत रहा था और इसकी तुलना में इस बार यह कुछ कम रहा।  

जम्मू-कश्मीर की नगरोटा विधानसभा सीट पर मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए उपचुनाव में शाम पांच बजे तक 74.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू शहर के बाहरी इलाके में स्थित 154 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और मतदान के लिए लंबी कतारें देखी गईं। मतदान शाम छह बजे समाप्त हुआ। नगरोटा विधानसभा सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) शामिल हैं। 

अंता विधानसभा सीट पर लोगों का दिखा उत्साह

राजस्थान में बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक हुआ और अनुमानित मतदान 80.32 प्रतिशत रहा। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,28,264 मतदाता हैं, जिनमें 1,16,783 पुरुष और 1,11,477 महिलाएं शामिल हैं। मतगणना 14 नवंबर को होगी।उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए मोरपाल सुमन को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की ओर से पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया चुनाव मैदान में हैं। यह सीट भारतीय जनता पार्टी के विधायक कंवरलाल मीणा को अयोग्य घोषित किए जाने के कारण खाली हुई है।  

डाम्पा विधानसभा सीट पर बंपर वोटिंग

मिजोरम के मामित जिले की डाम्पा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को 75.92 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। अगले वर्ष होने वाले निकाय चुनाव से पूर्व यह उपचुनाव सत्तारूढ़ जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के लिए एक परीक्षा माना जा रहा है। जुलाई में एमएनएफ विधायक ललरिंतलुआंगा सैलो के निधन के बाद इस उपचुनाव की जरूरत उत्पन्न हुई। जेडपीएम के लिहाज से इस उपचुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को होने वाले ‘लाई ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (एलएडीसी)’ चुनाव और अगले वर्ष के प्रारंभ में संभावित आइजोल नगर निगम (एएमसी) चुनाव पर प्रभाव डाल सकते हैं। 

ओडिशा में बीजेडी और बीजेपी के बीच लड़ाई

ओडिशा की नुआपाड़ा विधानसभा सीट पर भी मतदान खत्म हो गया है। वैसे तो उपचुनाव के परिणाम से राज्य की सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के लिए यह राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिछले साल पार्टी द्वारा अपने दम पर पहली बार सरकार बनाने के बाद से यह राज्य में पहला चुनावी मुकाबला है। उपचुनाव से पहले कम से कम छह बार नुआपाड़ा का दौरा कर चुके मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। इसी तरह, इस चुनाव को बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक के राज्य की राजनीति में निरंतर प्रभाव की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है।  

झारखंड में 74 प्रतिशत मतदान

झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को शाम पांच बजे तक 2.56 लाख मतदाताओं में से करीब 74 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हालांकि, शाम पांच बजे तक मतदान के लिए केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतार लगी रही जिससे यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। राज्य में 2024 को हुए विधानसभा चुनाव के दौरान घाटशिला सीट पर मतदान प्रतिशत 76.4 प्रतिशत रहा था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के.रवि कुमार ने कहा, ‘‘निर्वाचन क्षेत्र के सभी 300 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा और शाम पांच बजे तक 73.88 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। अंतिम आंकड़ों में मत प्रतिशत बढ़ने की संभावना है। यहां मतगणना 14 नवंबर को होगी। 

पंजाब में भी वोटिंग खत्म

पंजाब में तरन तारन विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को हुए मतदान में 60.95 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में तरन तारन विधानसभा क्षेत्र में 65.81 प्रतिशत मतदान हुआ था। मंगलवार को हुआ मतदान शांतिपूर्ण रहा। कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 

तेलंगाना में 47.16 प्रतिशत मतदान

 तेलंगाना की कांग्रेस सरकार की लोकप्रियता की परीक्षा माने जा रहे जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार शाम छह बजे समाप्त हो गया। हालांकि, जो लोग शाम छह बजे मतदान केंद्रों पर कतारों में थे, उन्हें वोट डालने की अनुमति दी गई। अधिकारियों ने बताया कि शाम पांच बजे तक 47.16 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा। इस वर्ष जून में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के बाद यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था। सत्तारूढ़ कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और बीआरएस के बीच मुकाबला त्रिकोणीय है।  

 

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement