1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चंद्रग्रहण के दिन बिरयानी और मछली बनाने पर बवाल, भीड़ ने घर पर किया हमला, परिवार को पीटा

चंद्रग्रहण के दिन बिरयानी और मछली बनाने पर बवाल, भीड़ ने घर पर किया हमला, परिवार को पीटा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Sep 08, 2025 07:55 am IST,  Updated : Sep 08, 2025 04:08 pm IST

चंद्रग्रहण के दिन मांसाहारी भोजन करने पर एक परिवार के साथ मारपीट की गई। 10-15 युवकों की भीड़ ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों को पीटा।

भीड़ ने घर में घुसकर परिवार के साथ की मारपीट- India TV Hindi
भीड़ ने घर में घुसकर परिवार के साथ की मारपीट Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिंगराज थाना क्षेत्र के नागेश्वर टांगी इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां चंद्रग्रहण के दिन मांसाहारी भोजन करने पर एक परिवार को भारी कीमत चुकानी पड़ी। लगभग 10-15 युवकों की भीड़ ने घर में घुसकर हमला कर दिया, कपड़े फाड़े और बुरी तरह पीटा। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे अपने घर के अंदर ही खाना बना रहे थे और खा रहे थे, लेकिन उन्हें "हेतुवादी" या "तर्कवादी" कहकर निशाना बनाया गया।

चिकन बिरयानी, मछली बना रहा था परिवार

परिवार का कहना है कि उन्होंने चंद्रग्रहण को वैज्ञानिक और तार्किक नजरिए से देखा और रोज की तरह चिकन बिरयानी एंव मछली पका रहे थे। लेकिन इस बात से कुछ धार्मिक कट्टरपंथी नाराज हो गए। कट्टरपंथियों का आरोप था कि परिवार "हेतुवादी" या "तर्कवादी" है यानी वे लोग जो धर्म और भगवान में विश्वास नहीं रखते। हमला करने वाले युवकों ने कथित तौर पर धार्मिक नारे लगाए और परिवार के सदस्यों को मारा।

घर के अंदर घुस गई भीड़, किया हमला

बताया गया कि भीड़ ने जबरन दरवाजा तोड़ा, खिड़कियों के शीशे चकनाचूर कर दिए और घर के अंदर घुसकर हमला किया। महिलाओं के कपड़े फाड़े गए, पुरुषों को डंडों और लाठियों से पीटा गया। आस-पास के लोग डर से कुछ नहीं कर पाए। इस पूरी घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद लिंगराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। हालांकि, तब तक परिवार के कई सदस्य घायल हो चुके थे और घर को काफी नुकसान पहुंच चुका था। पुलिस ने अब जांच शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढे़ं-

गुजरात में होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों का अलर्ट किया जारी

कूड़े के ढेर में जलता हुआ मिला महिला का शव, बोरे में भरकर लगाई गई आग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत