1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. घर से फ्रेश होने गई महिला पर झपट पड़ा तेंदुआ, झाड़ियों में ले जाकर....

घर से फ्रेश होने गई महिला पर झपट पड़ा तेंदुआ, झाड़ियों में ले जाकर....

 Published : Jan 03, 2023 06:08 pm IST,  Updated : Jan 03, 2023 06:08 pm IST

छत्तीसगढ़ में तेंदुओं के हमलों के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला ये है कि एक महिला घर से शौच के लिए निकली थी। उसी दौरान एक तेंदुए ने अचानक उस पर हमला किया और उसे झाड़ियों में घसीट ले गया। इस हमले में महिला की मौत हो गई।

leopard - India TV Hindi
तेंदुए ने महिला पर कर दिया हमला Image Source : FILE

कोरबा: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर जिले में तेंदुओं ने आतंक फैला रखा है। यहां तेंदुए के हमले में एक महिला की मौत हो गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में गत एक महीने के दौरान तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना है। इन घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई है जबकि एक लड़का घायल हुआ है। 

क्या है पूरा मामला?

ताजा मामला जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र के कुंवारी बीट के अंतर्गत आने वाले सिंगरौली गांव का है। यहां तेंदुए के हमले में उमाबाई बैगा (54) की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि उमाबाई सुबह के समय शौच के लिए गई थीं, तभी गांव के पास तेंदुए ने उनपर हमला कर दिया और उन्हें खींचकर झाड़ियों में ले गया।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी, तब टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। उमाबाई के शव के गले और सिर में तेंदुए के दांतों के गहरे निशान मिले हैं। 

वन विभाग ने दिया मृत महिला के परिजनों को मुआवजा

वन विभाग ने उमाबाई के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि के तौर पर 25 हजार रुपए दिए हैं। बाकी 5.75 लाख रुपए शासन के नियम के मुताबिक, सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिए जाएंगे। कुंवारी बीट में पिछले 20 दिनों के दौरान तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना है। 

पिछले महीने की 11 तारीख को इस बीट के तितौली गांव के जंगल में पशुओं को चराने गई बूढ़ी फूलझरिया (80) पर तेंदुए ने हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। वहीं 23 दिसंबर को तेंदुए ने छापरटोला गांव में घर के आंगन में खेल रहे आठ साल के बच्चे सुरेश पर हमला किया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत