1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ठंड की चपेट में दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत, जानें UP-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल

ठंड की चपेट में दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत, जानें UP-बिहार सहित अन्य राज्यों के मौसम का हाल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 18, 2025 07:10 am IST,  Updated : Jan 18, 2025 07:10 am IST

दिल्ली-एनसीआर सहित पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में है। यूपी-बिहार में भी ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। आइये जानते हैं अलग-अलग राज्यों के मौसम का हाल...

ठंड की चपेट में उत्तर भारत।- India TV Hindi
ठंड की चपेट में उत्तर भारत। Image Source : PTI/FILE

दिल्ली-एनसीआर में ठंड में अभी भी कोई कमी नहीं दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बारिश का भी सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 जनवरी को एक बार फिर दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। बारिश की वजह से ठंड और अधिक बढ़ सकती है। ऐसे में कहा जा सकता है कि दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ठंड से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलने वाली है। इसके अलावा पूरे उत्तर भारत में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। 

यूपी में ठंडी हवाओं का प्रकोप

वहीं यूपी की बात करें तो यहां भी ठंड से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है। यूपी में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश, घने कोहरे और ठंडी हवाओं का प्रभाव रहेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी राज्यों में 18 से 21 जनवरी तक बादलों की आवाजाही और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को यूपी में सबसे कम तापमान इटावा में रिकॉर्ड किया गया, जो 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे ज्यादा तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस बांदा में रिकॉर्ड किया गया।

बिहार में ठंड से राहत नहीं

इसी तरह से बिहार में भी ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राज्य के अधिकांश भागों में अगले तीन दिन तक कोल्ड डे की स्थिती बनी रह सकती है। इसके बाद राज्य के तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। यानी मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में शीत दिवस यानी कोल्ड डे जैसी स्थिती बनी रह सकती है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि 26 जनवरी से मौसम में सुधार होना शुरू हो सकता है।

एमपी के कई जिलों में अलर्ट

वहीं एमपी के अधिकांश शहरों में मौसम साफ होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक से दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों के तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है। साथ ही दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ग्वालियर, रीवा और उज्जैन संभाग के जिलों में बारिश और कोहरे की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भोपाल, राजगढ़, टीकमगढ़, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, पन्ना, मैहर, सागर, दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, छतरपुर, निवाड़ी, शाजापुर, आगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, गुना और अशोकनगर जिलों में घने से मध्यम कोहरा और शीतल दिन का अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों में गिरा तापमान

दरअसल, शुक्रवार को उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रही तथा अधिकतर राज्यों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि राजस्थान में बीकानेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर संभागों में कुछ स्थानों पर शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और ठंड का प्रकोप रहा। वहीं बर्फबारी के बाद कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है तथा मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में मुख्यतः शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में भी कोल्ड डे की स्थिति देखी गई। पंजाब में पठानकोट सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा में अंबाला का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- 

सैफ अली खान पर हमले के केस में आया CM फडणवीस का बयान, पुलिस की कार्रवाई पर दिया जवाब

Mahakumbh 2025: प्रयागराज महाकुंभ के छठे दिन त्रिवेणी में स्नान जारी, लगातार बढ़ रही है श्रद्धालुओं की भीड़

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत