1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus : देश में कोरोना के 2,927 नए मामले सामने आए, 32 और लोगों की मौत

Coronavirus : देश में कोरोना के 2,927 नए मामले सामने आए, 32 और लोगों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 27, 2022 10:24 am IST,  Updated : Apr 27, 2022 10:49 am IST

देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 16,279 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है।

Covid19 Test- India TV Hindi
Covid19 Test Image Source : PTI

Highlights

  • कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 16,279 हुई
  • 32 और मौतों के बाद मृतकों की संख्या 5,23,654 हुई

नयी दिल्ली : भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,927 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,65,496 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 16,279 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह जारी अपडेटेड आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 32 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,23,654 हो गई है। वहीं, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 16,279 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है। 

पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 643 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.75 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.58 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.59 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,25,25,563 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 188.19 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। 

गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।

दिल्ली में कोविड के 1,204 नए मामले सामने आए

दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,204 नए मामले सामने आए वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस दौरान सकारात्मकता दर 4.64 प्रतिशत रही। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को 1,011 मामले सामने आए थे और एक व्यक्ति की मौत हुई थी जबकि सकारात्मकता दर बढ़कर 6.42 प्रतिशत हो गई थी। 

स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 18,77,091 और मृतकों की संख्या 26,169 है। सोमवार को यहां कुल 25,963 कोविड परीक्षण किए गए। दिल्ली में रविवार को 1,083 मामले सामने आए थे और सकारात्मकता दर 4.48 प्रतिशत थी। शनिवार को यहां 1,094 मामले सामने आए थे जबकि शुक्रवार को 1,042 मामले दर्ज किए थे।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत