1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Covid19: पिछले 571 दिनों में सबसे कम मामले, 24 घंटे में 252 मरीजों की मौत

Covid19: पिछले 571 दिनों में सबसे कम मामले, 24 घंटे में 252 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 14, 2021 12:19 pm IST,  Updated : Dec 14, 2021 12:19 pm IST

कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या घट कर 88,993 हो गयी जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.26 प्रतिशत है 

Covid19: पिछले 571 दिनों में सबसे कम मामले, 24 घंटे में 252 मरीजों की मौत- India TV Hindi
Covid19: पिछले 571 दिनों में सबसे कम मामले, 24 घंटे में 252 मरीजों की मौत Image Source : PTI

Highlights

  • कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.37 प्रतिशत
  • संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,47,03,644 हुई

नयी दिल्ली:भारत में कोविड-19 के 571 दिनों में सबसे कम 5,784 नए मामले सामने आए जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घट कर 88,993 रह गयी जो 563 दिनों में सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अपडेटेड आंकड़ों के अनुसार, नए मामलों के साथ ही संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,47,03,644 हो गयी है। इस महामारी से 252 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 4,75,888 हो गयी। संक्रमण के नए मामलों की संख्या लगातार 47 दिनों से 15,000 से कम बनी हुई है। 

मंत्रालय ने बताया कि देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घट कर 88,993 हो गयी जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.26 प्रतिशत है और मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 98.37 प्रतिशत दर्ज की गयी जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,463 मामलों की कमी दर्ज की गयी है। 

आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण की दैनिक दर 0.58 प्रतिशत दर्ज की गयी। यह पिछले 71 दिनों से दो प्रतिशत से कम बनी हुई है। साप्ताहिक संक्रमण दर 0.68 प्रतिशत है और यह पिछले 30 दिनों से एक प्रतिशत से कम बनी हुई है। इस संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,41,38,763 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत है। देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीके की 133.88 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है। 

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे। देश में जिन 252 और मरीजों ने जान गंवाई है उनमें से 203 लोगों की मौत केरल में और 12 की तमिलनाडु में हुई। 

केरल सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में मौत के 203 मामलों में से 38 की मौत पिछले कुछ दिनों में हुई है। वहीं, मौत के 165 मामलों को केन्द्र तथा उच्चतम न्यायालय के नए दिशानिर्देशों के आधार पर कोविड-19 से मौत के मामलों में जोड़ा गया है। इस महामारी से देश में अब तक कुल 4,75,888 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें से 1,41,264 की महाराष्ट्र में, 43,170 की केरल, 38,268 की कर्नाटक, 36,624 की तमिलनाडु, 25,100 की दिल्ली, 22,914 की उत्तर प्रदेश ओर 19,610 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई। 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत