1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चक्रवाती तूफान 'जवाद' कमजोर होकर गहरे दबाव में बदला: IMD

चक्रवाती तूफान 'जवाद' कमजोर होकर गहरे दबाव में बदला: IMD

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 04, 2021 09:48 pm IST,  Updated : Dec 04, 2021 11:24 pm IST

मौसम कार्यालय ने एक बयान में कहा कि चक्रवाती तूफान कमजोर होकर एक गहरे दबाव में बदल गया है और यह शाम 5:30 बजे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर, विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश से लगभग 180 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में और पुरी, ओडिशा से 330 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित था।

चक्रवाती तूफान 'जवाद' कमजोर होकर गहरे दबाव में बदला: IMD- India TV Hindi
चक्रवाती तूफान 'जवाद' कमजोर होकर गहरे दबाव में बदला: IMD Image Source : PTI

Highlights

  • चक्रवाती तूफान 'जवाद' कमजोर होकर गहरे दबाव में बदला गया
  • रविवार को पुरी पहुंचने तक इसके और कमजोर पड़ने की संभावना
  • आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए राहत की बात

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि चक्रवाती तूफान 'जवाद' शनिवार को कमजोर होकर एक गहरे दबाव में बदल गया तथा रविवार को पुरी पहुंचने तक इसके और कमजोर पड़ने की संभावना है। यह आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए राहत की बात है। मौसम कार्यालय ने एक बयान में कहा कि चक्रवाती तूफान कमजोर होकर एक गहरे दबाव में बदल गया है और यह शाम 5:30 बजे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर, विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश से लगभग 180 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में और पुरी, ओडिशा से 330 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित था। 

इसने कहा, ‘‘इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने तथा कल सुबह तक इसके और कमजोर होकर दबाव में बदलने की संभावना है। इसके कल दोपहर के आसपास पुरी के निकट पहुंचने की संभावना है। इसके बाद, इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर ओडिशा के तट के साथ पश्चिम बंगाल के तट की ओर बढ़ने तथा अगले 24 घंटों के दौरान इसके और कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।’’ 

सऊदी अरब ने चक्रवात का नाम 'जवाद' रखा है, जिसका मतलब उदार या दयालु से है। गत 30 नवंबर को अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ था। आईएमडी ने कहा कि यह दो दिसंबर को एक दबाव के क्षेत्र में और शुक्रवार की सुबह गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया तथा शुक्रवार दोपहर यह चक्रवात में तब्दील हो गया। 

आईएमडी ने रविवार को पश्चिम बंगाल में गंगा के तटों से लगते क्षेत्रों और उत्तरी ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा रविवार और सोमवार को असम, मेघालय और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। आईएमडी ने रविवार तक बंगाल की मध्य और उत्तरी खाड़ी में नौवहन और मछुआरों के लिए समुद्री स्थिति प्रतिकूल रहेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।

IMD