1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तमिलनाडु की एक और पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, दरवाजा खुलते ही 2 मजदूरों के उड़े परखच्चे

तमिलनाडु की एक और पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, दरवाजा खुलते ही 2 मजदूरों के उड़े परखच्चे

 Published : Apr 25, 2026 07:35 pm IST,  Updated : Apr 25, 2026 07:35 pm IST

तमिलनाडु के थेनी जिले की पटाखा फैक्ट्री में स्टोर रूम खोलते ही जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 2 मजदूरों की मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर दो अन्य मजदूर सुरक्षित बच निकले।

Tamil Nadu cracker factory blast, Theni firecracker explosion, Kambam factory accident- India TV Hindi
तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में 2 मजदूरों की मौत हो गई। Image Source : ANI

चेन्नई: तमिलनाडु के थेनी जिले के कंबम शहर में शनिवार सुबह एक प्राइवेट पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट में 2 मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा कात्तुपल्ली वासल स्ट्रीट पर स्थित लक्ष्मी फायरक्रैकर फैक्ट्री में हुआ। फैक्ट्री के मालिक की पहचान तिरुपति के रूप में हुई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे की चपेट में आने वाले मजदूरों की पहचान अय्यप्पन, नागार्जुन, सूर्या और दिनेश उर्फ धीना के रूप में हुई है। इनमें से सूर्या और दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अय्यप्पन और नागार्जुन पास में ही मौजूद थे और विस्फोट की आवाज सुनकर डर के मारे वहां से भाग निकले।

स्टोर रूम खोलते ही हुआ धमाका

जानकारी के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री पिछले 2 दिनों से चुनावी छुट्टियों के कारण बंद थी। शनिवार को जब काम दोबारा शुरू हुआ, तो सूर्या और दिनेश कच्चे माल वाले स्टोर रूम में पहुंचे। जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। धमाके की आवाज सुनकर बाकी के दो मजदूर अयप्पन और नागार्जुन वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

जांच शुरू, कारणों की पड़ताल जारी

शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए थेनी सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। इसके साथ ही दमकल और बचाव दल भी मौके पर पहुंचा और फैक्ट्री में फैली आग पर काबू पाया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि स्टोर रूम में रखे कच्चे माल में किस वजह से विस्फोट हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। बता दें कि 19 अप्रैल को तमिलनाडु के विरुधुनगर के निकट स्थित एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में 25 श्रमिकों की मौत हो गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत