1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नाबालिग महिला पहलवान से यौन शोषण मामले में बृजभूषण सिंह को बड़ी राहत, हुए बरी, कोर्ट में केस बंद

नाबालिग महिला पहलवान से यौन शोषण मामले में बृजभूषण सिंह को बड़ी राहत, हुए बरी, कोर्ट में केस बंद

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 26, 2025 07:59 pm IST,  Updated : May 26, 2025 08:13 pm IST

बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ नाबालिग पहलवान ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पहले एफआईआर नहीं लिखी थी, लेकिन कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया गया था।

Brij Bhushan Sharan Singh- India TV Hindi
बृजभूषण शरण सिंह Image Source : PTI

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह को नाबालिग महिला पहलवान के साथ रेप केस के मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट दायर की थी, जिसे दिल्ली की कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले को बंद कर दिया गया है। ओलंपियन विनेश फोगट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने बृज भूषण पर जूनियर पहलवानों का यौन शोषण करने का आरोप लगाया था और जंतर-मंतर पर लंबा विरोध प्रदर्शन किया था। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी और पूर्व भाजपा सांसद इस मामले में मुकदमे का सामना कर रहे थे। बृज भूषण ने हमेशा ही आरोपों से इनकार किया था।

पहलवानों ने इस मामले को लेकर लंबे समय तक प्रदर्शन किया था। पहलवानों ने जंतर-मंतर में ही अपना घर बना लिया था। इसके बाद पुलिस ने पहलवानों को हिरासत में लेकर प्रदर्शन वाली जगह साफ कर दी थी। इसके बाद विरोध प्रदर्शन भी खत्म हो गया। अब बृजभूषण सिंह को क्लीन चिट भी मिल गई है।

क्या है मामला?

विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया जैसे पहलवानों की अगुआई में कई पहलवानों ने विरोध प्रदर्शन किया था और बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। जांच का आश्वासन मिलने पर पहलवानों ने धरना खत्म किया, लेकिन दो महीने बाद भी बृजभूषण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में पहलवानों ने दोबारा प्रदर्शन शुरू किया, जो लंबे समय तक चला। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। हालांकि, अब बृजभूषण को इस मामले में क्लीन चिट दे दी गई है। बृजभूषण सिंह पर गंभीर आरोप लगने के बाद उन्हें कुश्ती संघ के कामकाज में दखल अंदाजी नहीं करने के लिए कहा गया था।

बृजभूषण सिंह ने आरोप लगाए थे कि सीनियर पहलवान चोटिल होने पर भी अपना कोटा नहीं छोड़ते और बिना ट्रायल दिए बड़ी प्रतियोगिताओं में खेलना चाहते हैं। वह ऐसा नहीं करने दे रहे। इसी वजह से पहलवान उनके ऊपर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत