1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर तकनीकी खामी, सुल्तानपुर-घिटोरनी के बीच सेवाएं हुईं बाधित

Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर तकनीकी खामी, सुल्तानपुर-घिटोरनी के बीच सेवाएं हुईं बाधित

 Edited By: Malaika Imam
 Published : Sep 12, 2022 06:38 pm IST,  Updated : Sep 12, 2022 06:38 pm IST

Delhi Metro: येलो लाइन पर एक ट्रेन में तकनीकी खामी के चलते सुल्तानपुर और घिटोरनी स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं करीब तीन घंटे तक बाधित रहीं।

Delhi Metro- India TV Hindi
Delhi Metro Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • मेट्रो सेवाएं करीब तीन घंटे तक रहीं बाधित
  • मेट्रो सेवाएं उपलब्ध न होने से हजारों लोग फंसे
  • ट्वीट कर यात्रियों को सेवाओं में बाधा की सूचना दी गई

Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो के सैकड़ों यात्रियों को सोमवार सुबह येलो लाइन के कई स्टेशनों पर काफी भीड़भाड़ का सामना करना पड़ा। येलो लाइन पर एक ट्रेन में तकनीकी खामी के चलते सुल्तानपुर और घिटोरनी स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं करीब तीन घंटे तक बाधित रहीं। दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन दिल्ली में समयपुर बादली को गुरुग्राम में हुडा सिटी सेंटर से जोड़ती है। 

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक ट्रेन में तकनीकी खामी के कारण सुल्तानपुर और घिटोरनी के बीच सुबह सात बजे से 10 बजे तक मेट्रो सेवाएं उपलब्ध न होने के कारण हजारों लोग फंस गए। कई यात्रियों ने मेट्रो स्टेशन पर और उनके आसपास मची अफरा-तफरी की तस्वीरें और वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किए। एक वीडियो में लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए सवारी गाड़ियों के अलावा अन्य वाहन का इस्तेमाल करते हुए भी देखा गया। 

Delhi Metro
Image Source : FILE PHOTODelhi Metro

यात्री को साइकिल पर जा रहे प्लम्बर से लिफ्ट मांगते देखा गया

एक अन्य वीडियो में एक यात्री को साइकिल पर जा रहे एक प्लम्बर से लिफ्ट मांगते हुए देखा गया। प्लम्बर ने करीब सात किलोमीटर तक अपनी साइकिल पर बैठाकर यात्री की उसके दफ्तर पहुंचने में मदद की। उसने लिखा, "जब मेट्रो सेवाएं बाधित हो गईं, तो राजेंद्र ने करीब सात किलोमीटर दूर तक साइकिल से मुझे पहुंचाने में मदद की और एक भी पैसा नहीं लिया।" कई लोगों को सुल्तानपुर मेट्रो स्टेशन से गुड़गांव तक पैदल जाते हुए देखा गया। 

येलो लाइन पर सामान्य सेवाएं सुबह 10 बजे के कुछ मिनट बाद बहाल हुईं

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि येलो लाइन पर सामान्य सेवाएं सुबह 10 बजे के कुछ मिनट बाद बहाल कर दी गईं। इससे पहले उसने सुबह करीब सात बजे ट्वीट कर यात्रियों को सेवाओं में बाधा की सूचना दी थी। डीएमआरसी ने कहा था, "येलो लाइन पर सुल्तानपुर और घिटोरनी के बीच सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। हुडा सिटी सेंटर और घिटोरनी के साथ ही सुल्तानपुर और समयपुर बादली के बीच सेवाएं उपलब्ध हैं। बाकी सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।" इससे करीब 20 मिनट पहले उसने ट्वीट किया था कि घिटोरनी और सुल्तानपुर के बीच सेवाओं में विलंब है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत