1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जासूसी कर रही दिल्ली पुलिस? 'आप' ने लगाया बड़ा आरोप

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जासूसी कर रही दिल्ली पुलिस? 'आप' ने लगाया बड़ा आरोप

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 04, 2023 09:22 pm IST,  Updated : May 04, 2023 09:22 pm IST

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संजय सिंह ने इस संबंध में दिल्ली के पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा को लिखा भी है।

अरविंद केजरीवाल, सीएम दिल्ली- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल, सीएम दिल्ली Image Source : PTI

नई दिल्ली:  क्या दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जासूसी कर रही है ? दरअसल यह सवाल आम आदमी पार्टी (AAP) के आरोपों के बाद से उठने लगा है। आम आदमी पार्टी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जासूसी कर रही है और उसके स्पेशल सेल के अधिकारी सादे कपड़ों ने पूरे दिन मुख्यमंत्री आवास के आसपास चक्कर काटते रहते हैं। 

आप ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को लिखी चिट्ठी 

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संजय सिंह ने इस संबंध में दिल्ली के पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा को लिखा भी है। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है। मीडिया को संबोधित करते हुए भारद्वाज ने कहा, ‘‘पिछले दो दिनों में हमारे सांसदों ने इस बेहद गंभीर मुद्दे पर पत्र लिखा है।’’ उसके बाद उन्होंने सांसदों द्वारा लिखे गए एक जैसे पत्रों का कुछ हिस्सा पढ़ा। 

पुलिस सीएम को सुरक्षित रखने में सफल नहीं-आप

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपका ध्यान एक गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करना चाहूंगा। दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल को तीन बार मुख्यमंत्री बनाया है। सुरक्षा में चूक हुई है और उनपर हमले हुए हैं। पुलिस का काम नागरिकों की रक्षा करना है। लेकिन यह दुख की बात है कि वे लोग मुख्यमंत्री को भी सुरक्षित करने में सफल नहीं हैं। कुछ ही दिन पहले उनके आवास के पास ड्रोन दिखा था, लेकिन इस सिलसिले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।’’ 

आप ने स्पेशल सेल के अधिकारियों पर लगाया आरोप

उन्होंने कहा, सांसदों ने यह भी इंगित किया है कि दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के कुछ अधिकारी पूरे दिन केजरीवाल के आवास के बाहर जमे रहते हैं। भारद्वाज ने कहा, ‘‘पूछताछ करने पर, उन्होंने बताया कि वे स्पेशल ड्यूटी पर हैं। यह कौन सी खास ड्यूटी है। क्या दिल्ली के मुख्यमंत्री की जासूसी की जा रही है? दिल्ली पुलिस किस कानून के तहत अपने ही मुख्यमंत्री की जासूसी कर रही है? वे मुख्यमंत्री आवास पर आने वाले लोगों पर नजर रख रहे हैं।’’ 

भाजपा आप को खत्म करना चाहती है-भारद्वाज

सांसदों ने राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था की लचर होती स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री की सुरक्षा क्यों नहीं कर रही है, उनकी जासूसी क्यों कर रही है? क्या यह गैर कानूनी नहीं है? इसका तात्पर्य क्या है? यह मामला बहुत गंभीर है। वह जो कर रहे हें, हम उसका विरोध नहीं कर रहे हैं। हमें आपत्ति इसपर है कि केन्द्र उन्हें क्या करने को बोल रहा है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आप को खत्म करना चाहती है। भारद्वाज ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के साथ हमारे मतभेद को दुनिया जानती है। प्रधानमंत्री राजनीतिक रूप से मुख्यमंत्री को खत्म करना चाहते हैं। वे आप को खत्म करना चाहते हैं और इनसे गंभीर सवाल उठते हें। उन्हें इन सवालों का जवाब देना होगा। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत