1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दंड यात्रा के दौरान करंट लगने से 3 युवकों की मौत, 2 की हालत गंभीर, डांस कार्यक्रम की चल रही थी तैयारी

दंड यात्रा के दौरान करंट लगने से 3 युवकों की मौत, 2 की हालत गंभीर, डांस कार्यक्रम की चल रही थी तैयारी

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 13, 2026 08:14 am IST,  Updated : Apr 13, 2026 08:20 am IST

लोहे का पाइप बिजली के तार से जा टकराया। इसके चलते पाइप में करंट उतर गया और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रोते-बिलखते परिजन- India TV Hindi
रोते-बिलखते परिजन Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। हिंदोल क्षेत्र के बालिमी थाना अंतर्गत पाताला गांव में पारंपरिक 'दंड यात्रा' की तैयारियों के दौरान करंट लगने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

टेंट लगाने का काम कर रहे थे युवक

मृतकों की पहचान सुधाकर साहू, पिंटू साहू और मिलन महालिक के रूप में हुई है। ये सभी युवक गांव में आयोजित होने वाली पारंपरिक दंड यात्रा में हिस्सा ले रहे थे और कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने का काम कर रहे थे।

बिजली के तार से छुआ लोहे का पाइप

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब युवक टेंट खड़ा कर रहे थे। टेंट लगाने के दौरान इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। जैसे ही लोहे का पाइप बिजली के तार से छुआ, तेज करंट दौड़ गया और तीनों युवक उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

डांस कार्यक्रम की चल रही थी तैयारी

यह घटना शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है, जब गांव में डांस कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। माहौल उत्सव का था, लेकिन देखते ही देखते यह खुशी मातम में बदल गई।

घायलों को इलाज के लिए कराया गया भर्ती

इस हादसे में दो अन्य युवक, प्रफुल्ल साहू और निर्मल साहू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अंगुल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और क्या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।

पूरे गांव में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। गांव के लोग स्तब्ध हैं और हर तरफ मातम पसरा हुआ है। अस्पताल परिसर में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है। पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर गहरा दुख और चिंता का माहौल है।

शुभम कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत