1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गोवा के सीएम ने पलटा स्वास्थ्य मंत्री का ऑर्डर, नहीं सस्पेंड होंगे GMCH के डॉक्टर, नरम पड़े राणे के तेवर

गोवा के सीएम ने पलटा स्वास्थ्य मंत्री का ऑर्डर, नहीं सस्पेंड होंगे GMCH के डॉक्टर, नरम पड़े राणे के तेवर

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 09, 2025 08:41 am IST,  Updated : Jun 09, 2025 08:41 am IST

गोवा के स्वास्थ्य मंत्री राणे ने डॉक्टर को सस्पेंड करने की बात कही थी और उन पर नाराजगी जाहिर की थी। हालांकि, बाद में सीएम ने फैसला पलट दिया और डॉक्टर को सस्पेंड नहीं किया जाएगा।

pramod sawant- India TV Hindi
प्रमोद सावंत ने पलटा विश्वजीत राणे का फैसला Image Source : PTI/X

गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने गोवा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) के डॉक्टर के साथ अपने सख्त रवैये के लिए माफी मांग ली है। इसके साथ ही गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने साफ किया है कि जीएमसीएच के डॉक्टर को सस्पेंड नहीं किया जाएगा। इससे पहले विश्वजीत राणे का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह डॉक्टर पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे और उन्हें सस्पेंड करने की बात भी कही थी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद जमकर बवाल हुआ और अब स्वास्थ्य मंत्री ने सफाई दे दी है।  

गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि उन्होंने इस मामले की समीक्षा की है। इसके बाद यह फैसला किया है कि जीएमसीएच के डॉक्टर को सस्पेंड नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से बात कर ली है। उन्होंने गोवा की जनता को आश्वासन दिया कि डॉक्टर रुद्रेश कुट्टिकार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।

प्रमोद सावंत ने क्या लिखा?

प्रमोद सावंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा "मैंने गोवा मेडिकल कॉलेज में इस मुद्दे की समीक्षा की है और स्वास्थ्य मंत्री के साथ चर्चा की है। मैं गोवा के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि डॉ. रुद्रेश कुट्टीकर को निलंबित नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार और हमारी समर्पित चिकित्सा टीम हर नागरिक के लिए स्वास्थ्य सेवा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम अपने डॉक्टरों के अथक प्रयासों और अमूल्य सेवा की भी सराहना करते हैं, जो जीवन बचाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं।"

क्या है मामला?

शनिवार को गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह एक डॉक्टर को फटकार लगाते नजर आ रहे थे। वह डॉक्टर से जेब से बाहर हाथ निकालकर बात करने के लिए कहते हैं। वह डॉक्टर को डांटते हुए मास्क हटाने के लिए भी कहते हैं। स्वास्थ्य मंत्री कहते हैं कि डॉक्टर को सस्पेंड किया जाए और उनकी जगह किसी दूसरे की नियुक्ति की जाए। वह सस्पेंसन फाइल साइन करेंगे।  वह यह भी कहते हैं कि कितना भी लोड हो आप मरीजों के साथ अच्छे से बर्ताव करेंगे। हालांकि, बाद में मंत्री जी को अपने बर्ताव पर ही सफाई देनी पड़ी। राणे ने कहा कि उनकी प्रतिक्रिया मरीज की शिकायत पर आधारित थी। वह दोबारा ऐसा व्यवहार नहीं करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत