1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गोवा: अरविंद केजरीवाल का दावा- 11 मार्च को सभी कांग्रेसी जॉइन कर लेंगे बीजेपी, बोले- AAP को दें वोट

गोवा: अरविंद केजरीवाल का दावा- 11 मार्च को सभी कांग्रेसी जॉइन कर लेंगे बीजेपी, बोले- AAP को दें वोट

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 13, 2022 07:42 am IST,  Updated : Feb 13, 2022 07:45 am IST

अरविंद केजरीवाल ने कहा, '10 मार्च को नतीजे घोषित होने के बाद, 11 मार्च को कांग्रेस के सभी नेता बीजेपी जॉइन कर लेंगे। इसलिए मैं ऐसे सभी लोगों को अनुरोध करता हूं कि जो भी बीजेपी को हारते हुए देखना चाहते हैं वो कांग्रेस को वोट नहीं दें।'

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI FILE PHOTO

Highlights

  • 11 मार्च को सभी कांग्रेसी जॉइन कर लेंगे बीजेपी- अरविंद केजरीवाल
  • बीजेपी को हारते हुए देखना चाहते हैं तो कांग्रेस को वोट नहीं दें- केजरीवाल
  • गोवा के अच्छे भविष्य के लिए सिर्फ AAP को ही वोट दें- अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गोवा को लेकर बड़ा दावा किया है। केजरीवाल ने कहा, '10 मार्च को नतीजे घोषित होने के बाद, 11 मार्च को कांग्रेस के सभी नेता बीजेपी जॉइन कर लेंगे। इसलिए मैं ऐसे सभी लोगों को अनुरोध करता हूं कि जो भी बीजेपी को हारते हुए देखना चाहते हैं वो कांग्रेस को वोट नहीं दें। उनका वोट खराब चला जाएगा, ये वोट एक तरीके से बीजेपी को ही जाएगा। अपने सभी वोट आम आदमी पार्टी को दें।'

बता दें, गोवा में 14 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान शनिवार शाम को समाप्त हो गया। प्रदेश में विधानसभा की 40 सीटों के लिए कुल 301 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदेश में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी), तृणमूल कांग्रेस पार्टी, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी), एनसीपी, शिवसेना, रिवोल्यूशनरी गोवा, गोएंचो स्वाभिमान पार्टी, जय महाभारत पार्टी और संभाजी ब्रिगेड के उम्मीदवारों के अलावा, 68 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। 

निर्दलीय उम्मीदवारों में प्रमुख राजनीतिक दलों के बागी भी शामिल हैं । प्रदेश में मतों की गिनती दस मार्च को होगी । इस तटीय राज्य में बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए जी तोड़ कोशिश कर रही है। पार्टी चुनाव मैदान में अकेले उतरी है और किसी भी अन्य दल के साथ उसका गठबंधन नही है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी प्रमुख जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं ने पिछले एक महीने में गोवा में भाजपा के लिए प्रचार किया। 

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य में बीजेपी के चुनाव प्रभारी हैं। प्रदेश चुनाव में कांग्रेस जीएफपी के साथ गठबंधन कर मैदान में है । कांग्रेस ने 37 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि सहयोगी जीएफपी के खाते में तीन सीटें गयी है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने तटीय राज्य में पार्टी के लिए प्रचार किया। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम वरिष्ठ नेता दिनेश गुंडू राव के साथ कांग्रेस की चुनावी रणनीति देख रहे हैं। 

गोवा में 2017 के चुनावों में कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत हासिल की थी और सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, लेकिन सरकार नहीं बना सकी क्योंकि भाजपा ने तेजी के साथ गठबंधन कर सरकार गठन करने का दावा पेश किया था । पिछले पांच वर्षों में, कांग्रेस के कई विधायकों ने पार्टी छोड़ दी, जिससे विधानसभा में उसकी संख्या दो पर सिमट गयी । आम आदमी पार्टी प्रदेश में 39 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 

प्रचार अभियान के दौरान, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा में ‘दिल्ली मॉडल’ को दोहराने और ‘भ्रष्टाचार मुक्त सरकार’ देने का वादा किया । ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी गोवा की चुनावी राजनीति में पहली बार उतरी है । टीएमसी राज्य के सबसे पुराने राजनीतिक दल एमजीपी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। टीएमसी जहां 26 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं एमजीपी 13 पर चुनाव लड़ रही है। विधानसभा चुनाव में एनसीपी और शिवसेना गठबंधन भी मैदान में है । शिवसेना जहां 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं एनसीपी 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत