1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Gurugram News: गुरुग्राम में सड़क किनारे खड़े ट्रक में टकराई कार, एक MBBS छात्र की मौत

Gurugram News: गुरुग्राम में सड़क किनारे खड़े ट्रक में टकराई कार, एक MBBS छात्र की मौत

 Published : Aug 22, 2022 07:49 pm IST,  Updated : Aug 22, 2022 07:49 pm IST

Gurugram News: गुरुग्राम में सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में एक कार टकरा गई। इस हादसे में एक MBBS छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जख्मी हो गया।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image Image Source : PTI

Highlights

  • बिना किसी पार्किंग लाइट, इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के खड़ा था ट्रक
  • वाहनों की तेज हेडलाइट्स के कारण मैं ट्रक को नहीं देख सका: घायल
  • हम घटना के बाद से फरार ट्रक चालक की तलाश कर रहे हैं: पुलिस

Gurugram News: गुरुग्राम(Gurugram) में सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में एक कार के टकरा जाने से उसमें सवार एक MBBS छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जख्मी हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। बुढेरा स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह ट्रायसेंटेनरी (SGT) यूनिवर्सिटी(University) के अंतिम वर्ष के छात्र अपने कॉलेज से गुरुग्राम लौट रहे थे, तभी रविवार रात बुढेरा रोड पर यह दुर्घटना हो गई। घायल छात्र अंकित दहिया ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था और उसमें कोई रिफ्लेक्टर (संकेत) चालू नहीं थे और उसकी लाइट्स बंद थीं। 

चालू नहीं थे ट्रक के इंडिकेटर और लाइट

अंकित ने बताया, ''मैं कार चला रहा था जबकि सनी मेरे बगल में बैठा था। देर रात 12 बजकर 10 मिनट पर हम बुढेरा रोड पहुंचे, जहां ट्रक बिना किसी पार्किंग लाइट, इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के खड़ा किया गया था। रोड पर सामने से आने वाले वाहनों की तेज हेडलाइट्स के कारण मैं ट्रक को नहीं देख सका और हमारी कार उससे टकरा गई।'' उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में कहा, ''मेरी कार का बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सनी गंभीर रूप से घायल हो गया। मैं उसे एसजीटी अस्पताल ले गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।'' 

ट्रक ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

दहिया ने ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ IPC की धारा 283 (सार्वजनिक मार्ग में बाधा) और 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि दहिया और सनी दोनों सोनीपत जिले के रहने वाले हैं। मामले के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक(ASI) मंदीप कुमार ने कहा, ''हमने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हम घटना के बाद से फरार ट्रक चालक की तलाश कर रहे हैं और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।'' 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत