Weather Update News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में पिछले दिनों तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी। मई के महीने में अभी उस तरह से गर्मी नहीं पड़ रही है, जैसी पड़नी चाहिए। इसकी वजह मौसम में खासा बदलाव है। वहीं, एक बार फिर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 10 से 13 मई 2026 के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, इस दौरान अधिकतम तापमान में 10 मई तक 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि 11 से 13 मई तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
दक्षिण भारत के इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, केरलम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6 से 7 दिनों तक गरज-चमक, बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।
यूपी, बिहार और एमपी में चलेंगी तेज रफ्तार से हवाएं
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों में 50 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक दर्ज की गई। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और कई अन्य क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
कई राज्यों के लिए हीटवेव का भी अलर्ट
इसके साथ ही मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में 9 से 13 मई के बीच अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव चलने की भी चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार मध्य भारत, महाराष्ट्र और गुजरात में आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में 8 मई तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें:
खत्म हुआ ममता राज! राज्यपाल ने भंग की पश्चिम बंगाल विधानसभा, नई सरकार के गठन का रास्ता साफ