1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. जब बिल्डर ग्रुप्स पर ED ने की छापेमारी, 21 लाख रुपये फेंके गए बालकनी से, सड़क पर बिखरीं 500-500 की गड्डियां

जब बिल्डर ग्रुप्स पर ED ने की छापेमारी, 21 लाख रुपये फेंके गए बालकनी से, सड़क पर बिखरीं 500-500 की गड्डियां

 Reported By: Atul Bhatia Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 07, 2026 09:56 pm IST,  Updated : May 07, 2026 10:11 pm IST

प्रवर्तन निदेशालय की टीम छापेमारी करने पहुंची थी की तभी बालकनी से 21 लाख रूपये नीचे फेंक दिए गए। बैग में 500-500 की गड्डियां भरी हुईं थीं। सड़क पर ये गड्डियां बिखर गईं।

छापेमारी के दौरान सड़क पर फेंके गए 21 लाख- India TV Hindi
छापेमारी के दौरान सड़क पर फेंके गए 21 लाख Image Source : REPORTER INPUT

प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने पंजाब के मोहाली से जुड़े दो बड़े रियल एस्टेट ग्रुप्स के खिलाफ सर्च और सीजर ऑपरेशन चलाया है। इन कंपनियों पर फर्जी तरीके से Change of Land Use (CLU) हासिल करने, जमीन मालिकों और खरीदारों के साथ धोखाधड़ी करने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। ईडी की कार्रवाई के दौरान एक ठिकाने से करीब 21 लाख रुपये नकद बालकनी से नीचे फेंक दिए गए। 

फर्जी सहमति पत्र बनाकर लिया गया CLU

ED के मुताबिक, Indian Cooperative Housing Building Society से जुड़े सुरेश कुमार बजाज और अजय सहगल ने 15 जमीन मालिकों की करीब 30.5 एकड़ जमीन के लिए फर्जी सहमति पत्र (Consent Letters) तैयार किए। आरोप है कि इन दस्तावेजों में जमीन मालिकों के नकली हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाए गए ताकि CLU हासिल किया जा सके।

इन धाराओं में दर्ज किया गया केस

इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ‘Suntec City’ नाम का बड़ा रियल एस्टेट प्रोजेक्ट शुरू किया गया। जांच एजेंसी का कहना है कि सोसाइटी ने बिना किसी सेल डीड के लोगों को सदस्य बनाकर 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम इकट्ठा कर ली। इस मामले में पंजाब पुलिस ने 19 नवंबर 2022 को मोहाली के मुल्लांपुर थाने में IPC की विभिन्न धाराओं — 120B, 420, 467, 468, 471 और 472 — के तहत FIR दर्ज की थी।

La Canela और District 7 प्रोजेक्ट भी जांच के घेरे में

ED की जांच में यह भी सामने आया है कि अजय सहगल ने इसी CLU के आधार पर 'La Canela' नाम का रिहायशी मल्टी-स्टोरी प्रोजेक्ट और 'District 7' नाम का कमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी तैयार किया। इन दोनों प्रोजेक्ट्स की सभी यूनिट्स बेच दी गईं, जिससे कथित तौर पर अपराध से अर्जित आय (Proceeds of Crime) पैदा हुई।

पीड़ितों की ओर से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में मामला ले जाने के बाद GMADA ने संबंधित सोसाइटी का लाइसेंस रद्द कर दिया। मोहाली की अतिरिक्त सत्र अदालत ने 18 सितंबर 2024 के अपने आदेश में टिप्पणी करते हुए कहा था कि 'DSP मुल्लांपुर विशेष रूप से आरोपी अजय सहगल के प्रभाव में काम कर रहे हैं और मामले की सही जांच नहीं की गई।'

Altus Space Builders पर भी गंभीर आरोप

दूसरा मामला Altus Space Builders Private Limited से जुड़ा है। कई खरीदारों ने RERA, पुलिस और उपभोक्ता अदालतों में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि कंपनी ने यह कहकर फ्लैट और प्रॉपर्टी बेची कि प्रोजेक्ट को GMADA से अंतिम CLU मिल चुका है, जबकि असल में CLU शर्तों के साथ मंजूर हुआ था और बाद में उसे रद्द कर दिया गया।

कंपनी के प्रमोटर मोहिंदर सिंह के खिलाफ नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत गैर-जमानती वारंट भी जारी हो चुका है। उन्हें घोषित भगोड़ा (Proclaimed Offender) भी घोषित किया गया है।

इस मामले में पंजाब पुलिस ने 1 फरवरी 2024 को मोहाली के फेज-11 थाने में BNS 2023 की धाराओं 316, 318 और 61 के तहत FIR दर्ज की थी।

कम कीमत दिखाकर संपत्तियां ट्रांसफर करने का आरोप

ED के मुताबिक, मनी लॉन्ड्रिंग को आसान बनाने के लिए Dhir Constructions की कंपनी Suncity Projects ने  Altus Space Builders Pvt Ltd की संपत्तियों को कम कीमत दिखाकर अपने कब्जे में लेने का सौदा किया।

दो बिचौलिए भी जांच के दायरे में

तलाशी के दौरान ED ने दो कथित बिचौलियों, नितिन गोहाल और प्रीतपाल सिंह ढींढसा  को भी जांच के दायरे में लिया है। एजेंसी का दावा है कि ये दोनों राजनीतिक संरक्षण दिलाने और सरकारी कामकाज में दखल देने में मदद कर रहे थे। छापेमारी के दौरान कई ऐसे दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जो सरकारी कामकाज में निजी हस्तक्षेप की ओर इशारा करते हैं।

बालकनी से फेंके गए 21 लाख रुपये

ED के अनुसार, जैसे ही तलाशी की कार्रवाई शुरू हुई, एक ठिकाने से करीब 21 लाख रुपये नकद बालकनी से नीचे फेंक दिए गए। बालकनी के नीचे लगे नेट से होकर यह रकम सड़क पर बिखर गई। बाद में ED अधिकारियों ने पूरी नकदी बरामद कर ली।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।