1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में अवैध हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़, एके-47 राइफल और दो हथगोले बरामद

पंजाब में अवैध हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़, एके-47 राइफल और दो हथगोले बरामद

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 04, 2026 02:51 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 02:57 pm IST

पंजाब की अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस नेटवर्क में विदेश में बैठे लोग भी शामिल होने का शक है। विदेशी तस्करों के इशारे पर ही राज्य में हथियारों की सप्लाई की जा रही थी।

एक-47 और हैंड ग्रैनेड बरामद- India TV Hindi
एक-47 और हैंड ग्रैनेड बरामद Image Source : X/DGPPUNJABPOLICE

पंजाब पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियारों और विस्फोटकों की सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से AK-47 असॉल्ट राइफल और दो हथगोले बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से असॉल्ट राइफल की मैगजीन और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने की ये कार्रवाई

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने की है।

विदेशी तस्करों के जरिए हो रही थी हथियारों की सप्लाई

पुलिस महानिदेशक के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हथियार तस्करों के संपर्क में था। पुलिस को संदेह है कि आरोपी विदेश में सक्रिय तस्करों के नेटवर्क के जरिए अवैध हथियार हासिल करने और उनकी सप्लाई करने में शामिल था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमृतसर के घरिंडा थाने में मामला दर्ज किया है। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद किए गए हथियार और विस्फोटक कहां से लाए गए थे। इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही पुलिस आरोपी के विदेशी संपर्कों और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

अब अन्य आरोपियों तक पहुंचेंगी पुलिस

पुलिल अधिकारियों का कहना है कि जांच का मुख्य उद्देश्य पूरे नेटवर्क का पता लगाना और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचना है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल पंजाब में किसी आपराधिक या अन्य आपराधिक गतिविधि के लिए तो नहीं किया जा रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।

बता दें कि पंजाब में पिछले कुछ सालों में विदेश में बैठे अपराधियों और तस्करों के जरिए हथियारों की सप्लाई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय रही है। जांच एजेंसियां ऐसे मामलों में स्थानीय नेटवर्क और विदेश में बैठे हैंडलरों के बीच संपर्क की भी जांच करती रही हैं।

ये भी पढ़ें: 

भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे 2 पाकिस्तानी, चेतावनी के बाद भी नहीं माने, BSF ने गोलियों से भूना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।