1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. 'मैं टीम प्लेयर हूं, फुल बैक की भूमिका निभाऊंगा', पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह का बड़ा बयान

'मैं टीम प्लेयर हूं, फुल बैक की भूमिका निभाऊंगा', पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह का बड़ा बयान

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 03, 2026 02:56 pm IST,  Updated : Oct 03, 2026 03:16 pm IST

पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने शनिवार को पार्टी में गुटबाजी की बात को खारिज करते हुए खुद को ‘टीम प्लेयर’ बताया। उन्होंने कहा कि वह हॉकी की तरह राजनीति में भी ‘फुल बैक’ की भूमिका निभाएंगे

Pargat singh- India TV Hindi
परगट सिंह Image Source : ANI

नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस में नई ऊर्जा भरने के लिए कांग्रेस ने बड़ा बदलाव करते हुए परगट सिंह को पंजाब इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। परगट सिंह ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी की बात को खारिज करते हुए कहा कि उनकी टीम अच्छी है और पंजाब के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए जाएंगे। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे सिंह ने कहा कि उन्होंने हमेशा 'फुल बैक' के रूप में खेला है और पार्टी में भी वह इसी भूमिका को जारी रखेंगे तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को प्रमुखता देंगे। हॉकी में 'फुल बैक' टीम के मुख्य डिफेंडर होते हैं। उनका काम विपक्षी खिलाड़ियों को गोल करने से रोकना और साथी खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान करना होता है। 

लोकतंत्र को बहाल करने के लिए संघर्ष करेंगे

उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में ''तानाशाही'' है और ''हमें लोकतंत्र वापस बहाल करना है''। उनका कहना है कि वह लोकतंत्र को बहाल करने के लिए संघर्ष करेंगे। परगट सिंह अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने यहां रिपोर्टर्स से कहा, ''मैं टीम प्लेयर रहा हूं और मेरे सभी वरिष्ठों ने हमेशा मेरा सम्मान किया है। हम सभी फैसले सर्वसम्मति से लेंगे।'' उन्होंने कहा, ''मैंने हमेशा फुल बैक की तरह, पीछे रहकर खेला है और मुझे लगता है कि हमारी टीम में बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं।'' 

बता दें कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सिंह को शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह ली है, जो साढ़े चार साल से अधिक समय तक इस पद पर रहे। परगट सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य कांग्रेस में गुटबाजी की स्थिति है। परगट सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ''हम एक टीम हैं। यह राहुल गांधी की टीम है। हम देश में रचनात्मक राजनीति लाएंगे। हमें लोकतंत्र को पुनर्जीवित करना है, क्योंकि देश में तानाशाही देखी जा रही है और हमें लोकतंत्र को फिर से स्थापित करना है।'' 

राजा वड़िंग कड़ी मेहनत की

बाद में उन्होंने गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम द्वारा जीता गया स्वर्ण पदक उनके लिए ''एक बहुत बड़ा तोहफा'' है और हाल में मिली जिम्मेदारी के बाद इससे बेहतर तोहफा कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, ''आने वाले समय में आपको पंजाब में एक बहुत अच्छी टीम देखने को मिलेगी।'' अपने पहले के अध्यक्ष के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ''राजा वड़िंग साढ़े चार साल से हमारे अध्यक्ष थे और उन्होंने कड़ी मेहनत की तथा अच्छा काम किया। यह एक सतत प्रक्रिया है, क्योंकि मैं भी सचिव और महासचिव के पद पर रह चुका हूं।''

 उन्होंने कहा, ''यह एक टीम है और राजा जी हमारी टीम के खिलाड़ी हैं। हमारी टीम के सभी खिलाड़ी अच्छे हैं और मैंने कभी किसी से कोई शिकायत नहीं सुनी। मैं सभी वरिष्ठों का सम्मान करता हूं और उन्होंने भी मुझे सम्मान दिया है। मुद्दा पंजाब है, न कि हमारे बीच मतभेद।'' उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम में सभी लोग उनसे आगे रहेंगे। कांग्रेस छोड़कर जा चुके नेताओं को फिर से पार्टी में शामिल करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''सभी का कांग्रेस में वापस आने के लिए स्वागत है। पंजाब के लिए योगदान देने वाला हर व्यक्ति कांग्रेस में आने के लिए स्वागत योग्य है, क्योंकि पंजाब नेतृत्व करेगा।'' उन्होंने कहा कि पंजाब और मजबूत होकर उभरेगा तथा देश के सामने एक नई मिसाल पेश करेगा।

ये भी पढ़ें:

चरणजीत सिंह चन्नी के आगे आखिर कैसे झुक गया कांग्रेस आलाकमान? पढ़िए इनसाइड स्टोरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।