1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब से आई नशे की हैरान कर देने वाली तस्वीर, बिल्कुल भी चल नहीं पा रही थी युवती, जमीन पर गिरी; VIDEO देखें

पंजाब से आई नशे की हैरान कर देने वाली तस्वीर, बिल्कुल भी चल नहीं पा रही थी युवती, जमीन पर गिरी; VIDEO देखें

 Reported By: Puneet Pareenja,  Written By: Amar Deep
 Published : Oct 02, 2026 01:52 pm IST,  Updated : Oct 02, 2026 01:52 pm IST

पंजाब में नशे में धुत एक युवती का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती बिल्कुल भी आगे नहीं बढ़ पा रही थी। बाद में वह जमीन पर गिर गई।

सड़क पर गिरी नशे में धुत युवती।- India TV Hindi
सड़क पर गिरी नशे में धुत युवती। Image Source : X/RAVNEETBITTU

पंजाब के बठिंडा का एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवती बुरी तरह नशे में धुत नजर आ रही है। वीडियो में पहले वह महिला लड़खड़ाती हुई खड़ी दिखती है और फिर जमीन पर गिर पड़ती है। इसके बाद, वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे उठने में मदद की। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बठिंडा के दाना मंडी इलाके का है।

रवनीत सिंह बिट्टू ने शेयर किया वीडियो

वहीं पूर्व मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने भी इस घटना का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "बठिंडा की दाना मंडी से आई तस्वीरों ने हर पंजाबी का कलेजा छलनी कर दिया है। जब हमारी बेटियां सरेआम नशे के दलदल में बर्बाद हो रही हों, तो यह सिर्फ प्रशासन की नाकामी नहीं, सरकार के ज़मीर का मरना है। भगवंत मान जी, क्या यही है आपके ‘माताओं-बेटियों के सत्कार’ की जमीनी हकीकत? चुनाव के वक्त बेटियों के नाम पर वोट मांगने वालों, आज पंजाब की बेटियां नशे की भेंट चढ़ रही हैं और आपकी सरकार सिर्फ विज्ञापनों में मस्त है। फोटो-शूट बंद कीजिए और जमीनी हकीकत का सामना कीजिए!

बीजेपी ने राज्य भर में निकाली नशा मुक्त यात्रा

बता दें कि बीजेपी ने 18 से 30 सितंबर तक 'नशा मुक्त यात्रा' निकाली थी। 13 दिन के इस अभियान के दौरान, यात्राओं ने पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया और लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय की। समापन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद पंजाब से नशीले ड्रग्स को खत्म करने के लिए 31 दिसंबर, 2029 की समय-सीमा तय की जाएगी।

यात्रा की समीक्षा कर रही बीजेपी

वहीं दूसरी तरफ पंजाब में 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' और जालंधर में हुई समापन रैली की सफलता की समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर इसके असर का आकलन करने के लिए पंजाब बीजेपी की दो दिन की बैठक शुरू हो रही है। इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष हिस्सा ले रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों कर रहे हैं। पार्टी के बयान के अनुसार, इस मौके पर बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पंजाब राज्य की सह-प्रभारी अलका गुर्जर और राज्य महासचिव (संगठन) मंत्री श्रीनिवासुलु भी मौजूद हैं।

ढिल्लों के अनुसार, 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के तहत चलाए गए जन-संपर्क अभियान, लोगों से मिली प्रतिक्रिया और नशीली दवाओं के मुद्दे पर पार्टी द्वारा चलाए गए अभियान के असर पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में यात्राओं के दौरान लोगों से हुई बातचीत और उनसे मिले फीडबैक की भी समीक्षा की जा रही है। बैठक में संगठन को और मज़बूत करने, ज़मीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों का विस्तार करने और सभी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ मिलकर आगामी चुनावों की तैयारी करने के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की जा रही है। यह बैठक 2 अक्टूबर को भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें-

PM मोदी ने बहादुर पायलट मच्छार से की बात, हिम्मत की तारीफ की; पीएम के सामने भावुक हो गए स्मित

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।