1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर भारत में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड का प्रकोप, अब फिर बरसेंगे बादल, जानिए अगले 2 दिन के मौसम का हाल

उत्तर भारत में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड का प्रकोप, अब फिर बरसेंगे बादल, जानिए अगले 2 दिन के मौसम का हाल

 Published : Jan 24, 2026 11:46 pm IST,  Updated : Jan 24, 2026 11:56 pm IST

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में जमकर बर्फबारी हो रही है। तापमान शून्य के नीचे पहुंच गया है। राजस्थान के माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

पहाड़ी इलाकों में...- India TV Hindi
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी Image Source : PTI

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के एक दिन बाद न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हिमपात के कारण कई प्रमुख सड़कें लगातार दूसरे दिन भी बंद रहीं, जिससे यातायात और माल की आवाजाही प्रभावित हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 और 26 जनवरी (रविवार और सोमवार) को हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में घने कोहरे का अनुमान जताया है, जबकि रविवार सुबह दिल्ली में हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की आशंका है। 

न्यूनतम तापमान में आई गिरावट

बारिश के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। शहर के प्रमुख मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। यह शुक्रवार के 13.7 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान से बड़ी गिरावट है, जो पिछले चार सालों में सबसे अधिक था। 

जानिए दिल्ली में सबसे कम कहां रहा तापमान

दिल्ली में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान आयानगर में दर्ज किया गया, जहां पारा 6 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी ने रविवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। साथ ही, राजधानी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। 

जम्मू-कश्मीर का गुलमर्ग सबसे ठंडा रहा

उधर, कश्मीर में शनिवार को मौसम में सुधार हुआ, जिससे श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं फिर से शुरू हो सकीं। हालांकि, घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान अब भी शून्य से काफी नीचे बना रहा। उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके बाद गांदरबल जिले के सोनमर्ग में तापमान शून्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

शिमला में बर्फबारी
Image Source : PTIशिमला में बर्फबारी

बारिश और बर्फबारी का अनुमान

घाटी में इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जो कश्मीर का 40 दिनों का सबसे कड़ाके की सर्दी वाला समय माना जाता है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को कश्मीर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा, सोमवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ के जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करने की संभावना है, जिसके असर से अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 

घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होने का अनुमान है। इसके साथ ही कई जिलों के लिए घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस बीच, राजस्थान के कई हिस्सों में रात का तापमान शून्य के करीब पहुंच गया। बीकानेर के लूणकरणसर में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। 

माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस

राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जयपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने उत्तर दिशा से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण राजस्थान में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का असर तेज हो गया। दोनों राज्यों में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। 

सांकेतिक तस्वीर
Image Source : PTIसांकेतिक तस्वीर

फरीदकोट का तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस

हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पंजाब के फरीदकोट और फिरोजपुर में क्रमशः एक डिग्री और 1.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

26 जनवरी को जमकर बरसेंगे बादल

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु में शनिवार और रविवार को केरल में 26 जनवरी को गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही अगले तीन दिनों में गुजरात में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने 25 और 26 जनवरी को पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की भी आशंका जताई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत