1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल में तबाही मचा रहा मानसून, 250 सड़कें बंद, 21 से 23 जुलाई तक होगी भारी बारिश; आया IMD का अलर्ट

हिमाचल में तबाही मचा रहा मानसून, 250 सड़कें बंद, 21 से 23 जुलाई तक होगी भारी बारिश; आया IMD का अलर्ट

 Published : Jul 18, 2025 03:38 pm IST,  Updated : Jul 18, 2025 03:38 pm IST

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 21 और 23 जुलाई को हिमाचल के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।

shimla landslide- India TV Hindi
शिमला में बारिश के बाद क्षतिग्रस्त कार से पत्थर हटाने की कोशिश करते लोग। Image Source : PTI

शिमला: हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश के कारण 250 सड़कें बंद हो गई हैं और स्थानीय मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने बताया कि आपदा प्रभावित मंडी में कुल 181 सड़कें, सिरमौर में 26 और कुल्लू जिले में 23 सड़कें बंद हैं जबकि शुक्रवार सुबह तक 61 जलापूर्ति योजनाएं और बिजली के 81 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं।

3 दिन भारी बारिश का 'ऑरेंज' अलर्ट 

मौसम विभाग ने 21 और 23 जुलाई को हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है और रविवार तक राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को इस दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश- ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं।

अब तक 112 मौतें, राज्य को 1200 करोड़ का नुकसान

गुरुवार शाम को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जोगिंदरनगर में 40 मिमी, सराहन में 38 मिमी, जट्टन बैराज में 28.6 मिमी, कोठी में 28.4 मिमी, शिलारू में 26.4 मिमी, मुरारी देवी में 26 मिमी, और नारकंडा तथा जोत में 23-23 मिमी बारिश हुई। एसईओसी ने बताया कि 20 जून को मानसून आने के बाद से 17 जुलाई तक लगभग 112 लोगों की जान जा चुकी है जिनमें 67 लोग बारिश से संबंधित घटनाओं में और 45 सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए हैं। एसईओसी ने बताया कि लगभग 199 लोग घायल हुए हैं जबकि 35 लापता हैं।

बादल फटने की 22 और भूस्खलन की 19 घटनाएं

विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में इस मानसून में 31 बार अचानक बाढ़ आई, बादल फटने की 22 और भूस्खलन की 19 घटनाएं हुईं और राज्य को 1,220 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-NCR में कहीं धूप कहीं बारिश, इन राज्यों के लिए जारी हुआ अलर्ट; जानें मौसम का हाल

भारी बारिश से पन्ना-सतना-चित्रकूट में बाढ़ जैसे हालात, नदियां उफान पर; कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूटा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत