1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन, मलबे की चपेट में आईं कारें, स्कूल-कॉलेज बंद

हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश से कई जगहों पर भूस्खलन, मलबे की चपेट में आईं कारें, स्कूल-कॉलेज बंद

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 14, 2025 10:32 am IST,  Updated : Aug 14, 2025 11:36 am IST

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भूस्खलन हुआ है। कई कारों मलबे की चपेट में आई हैं। एक कार के बहने का वीडियो भी सामने आया है। उत्तराखंड में भी कई लोग ऊपरी इलाकों में फंसे हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते जमकर तबाही हुई है। यहां कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इससे वाहनों को नुकसान हुआ है। एक कार पानी में बह गई। वहीं, कई कारें मलबे में दबी हुई है। मलबे की चपेट में आने से कारों को नुकसान हुआ है। एहतियातन स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कुछ लोग घायल हुए हैं। भारतीय सेना के जवान राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वहीं, बाढ़ वाले इलाकों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित इलाकों में पहुंचाया जा रहा है।

शिमला में भारी बारिश के बाद आईजीएमसी अस्पताल के पास भूस्खलन हुआ। इसमें दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा भी शिमला में कई जगहों पर भूस्खलन की खबरें आई हैं। इस बीच डीडीएमए शिमला ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का फैसला किया है। डीडीएमए शिमला की तरफ से कहा गया कि बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश/भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध होने के कारण जुब्बल उप-मंडल में सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद हैं। 

लुंगपा नाला में बाढ़ से भारी नुकसान

बुधवार शाम किन्नौर के होजिस लुंगपा नाला में अचानक बाढ़ आ गई। यह स्थल गंगथांग ब्रालम की ओर सीपीडब्ल्यूडी के अधीन एक सक्रिय सड़क निर्माण क्षेत्र था। ऋषि डोगरी घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बादल फटने से आई बाढ़ ने सतलुज नदी पर बने पुल को अपनी चपेट में ले लिया और एक व्यक्ति घायल हो गया। भारतीय सेना ने इस अभियान में सहायता के लिए अपने आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया, जिसमें लॉजिस्टिक्स ड्रोन हाई एल्टीट्यूड प्रणाली भी शामिल थी, जो बाढ़ के पानी में खाने-पीने की चीजें और नारियल पानी जैसी जरूरी चीजें पहुंचाने में मदद कर रही थी, ताकि फंसे हुए लोगों को रात भर सहारा मिल सके। उन्होंने फंसे हुए नागरिकों को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया और घायल व्यक्ति को रिकांगपिओ के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया।

पेट्रोल पंप के पास गाड़ियां मलबे में दबीं

कोटखाई की नॉटी खड्ड में बादल फटने के बाद वहां के खलटूनाला पेट्रोल पंप के पास पार्क की गई कई गाड़ियां मलबे में दब गई, फिलहाल किसी के जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

(रेशमा कश्यप की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत