1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में बिना लू के बीता अप्रैल, तपती गर्मी से धधक रहे उत्तर भारत के राज्य; जानें मौसम अपडेट

दिल्ली में बिना लू के बीता अप्रैल, तपती गर्मी से धधक रहे उत्तर भारत के राज्य; जानें मौसम अपडेट

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 01, 2024 08:38 am IST,  Updated : May 01, 2024 08:41 am IST

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी और बारिश से दिल्ली अभी तक लू के आसार से बचा हुआ है। वहीं, उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

देश के विभिन्न हिस्से में इन दिनों मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। बर्फबारी से जहां पहाड़ों की चोटियां गुलजार हैं, तो वहीं भीषण गर्मी से मैदानी इलाके तप रहे हैं। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी और बारिश ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोगों को राहत जरूर दी है। ठंडी हवा चलने की वजह से तापमान में गिरावट आई है। आमतौर पर दिल्ली में लू की शुरुआत अप्रैल से हो जाती है, लेकिन इस बार पहाड़ों पर गर्मी के मौसम में हो रही बर्फबारी से राजधानी अभी तक लू के आसार से बचा हुआ है। अब मई के पहले हफ्ते में भी मौसम ऐसे ही रहने की संभावना है। हालांकि, दो मई से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। 4 मई को तापमान 40 डिग्री पर पहुंच सकता है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम? 

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक रह सकता है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 18 से 57 प्रतिशत रहा। आज गर्मी से राहत रहेगी। पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान साफ रहेगा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है। 2 और 3 मई को अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री रह सकता है। 4 मई को हल्की बारिश की संभावना है। इसके बावजूद 4 से 6 मई के दौरान अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक रह सकता है। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। स्काईमेट के अनुसार, अप्रैल में महज एक दिन तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा था।

बिहार में मौसम का हाल

वहीं, उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बिहार के ज्यादातर जिलों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। पूर्णिया, शेखपुरा और भागलपुर के कुछ इलाकों में भीषण लू चलने की संभवना है और मौसम विभाग ने यहां रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राजधानी पटना, चंपारण, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, नवादा, बेगूसराय, कैमूर, औरंगाबाद, लखीसराय, खगड़िया, बांका, जमुई और मुंगेर में कुछ स्थानों पर लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

भीषण गर्मी की चपेट में झारखंड

झारखंड भी भीषण गर्मी की चपेट में है और मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि जमशेदपुर शहर, गोड्डा और सरायकेला में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए 1 मई के लिए राज्य के 11 जिलों के येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिक हो सकता है।

उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप?

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है और मंगलवार को प्रयागराज सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, कुशीनगर, गाजीपुर और वाराणसी में दिन के समय तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरा राज्य में 1 मई को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही 25-35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे कुछ जिलों में तापमान में कमी आ सकती है।

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत