1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज का मौसमः दिल्ली समेत 10 राज्यों में कड़ाके की ठंड का अलर्ट, इन इलाकों में पड़ेगा घना कोहरा, यहां पर होगी भारी बारिश

आज का मौसमः दिल्ली समेत 10 राज्यों में कड़ाके की ठंड का अलर्ट, इन इलाकों में पड़ेगा घना कोहरा, यहां पर होगी भारी बारिश

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 06, 2025 07:07 am IST,  Updated : Dec 06, 2025 07:12 am IST

IMD ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर जारी रहने का अनुमान लगाया है। घना कोहरा हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों को भी प्रभावित कर सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर की स्थिति संभव है।

ठंड के बीच अलाव के पास बैठा व्यक्ति- India TV Hindi
ठंड के बीच अलाव के पास बैठा व्यक्ति Image Source : PTI

नई दिल्लीः देश के उत्तरी भागों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। अगले 24 घंटे के दौरान मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की उम्मीद है। पूर्वोत्तर भारत के कई इलाको में शनिवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में आज भी बारिश हो सकती है। 

इन राज्यों में पड़गी कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 6-7 दिसंबर को शीतलहर की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में हो रही बर्फबारी का सीधा असर दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है। इसकी वजह से ठंड बढ़ गई है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।

इन राज्यों में घना कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 6-10 तारीख के दौरान असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सुबह के समय अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की बहुत ज़्यादा संभावना है। 06-08 दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में भी घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं, दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश में सुबह के समय हल्का कोहरा पड़ सकता है। 

पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरू हो गई है। लद्दाख और कश्मीर के कई हिस्सों में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट (शून्य डिग्री सेल्सियस) से नीचे चला गया है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फबारी हो सकती है।

आज कहां पर होगी बारिश

मौसम विभाग ने 6 दिसंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह व कराईकल में कुछ स्थानों पर गरज, बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत