1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत के लोगों को मिलने वाली है भीषण गर्मी से राहत, आंधी और गरज-चमक से साथ बारिश का अलर्ट

दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत के लोगों को मिलने वाली है भीषण गर्मी से राहत, आंधी और गरज-चमक से साथ बारिश का अलर्ट

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 26, 2026 07:44 pm IST,  Updated : May 26, 2026 07:52 pm IST

दिल्ली समेत उत्तर भारत में अगले चार दिन के बाद मौसम का मिजाज बदलने वाला है। धूल भरी आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

गरज-चमक से साथ बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
गरज-चमक से साथ बारिश का अलर्ट Image Source : PTI

नई दिल्लीः उत्तरी और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्सों में अगले 4-5 दिनों तक लू की स्थिति जारी रहेगी। उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में करोड़ों लोग झुलसा देने वाली गर्मी झेल रहे हैं और उन्हें तुरंत कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। हालांकि अगले 4 दिन के बाद मौसम का मिजाज बदलने वाला है।

28 मई से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के पुर्वानुमान के अनुसार, 28 मई से एक 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) एक्टिव हो रहा है। इसकी वजह से 28 और 29 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ 60-70 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर 80 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी यूपी में 28 मई से 31 मई तक खराब मौसम बना रह सकता है।

इन राज्यों में बारिश के आसार

मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि 27-30 मई के दौरान पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले 7 दिनों के दौरान, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। बिहार में 29 मई को 60-80 किमी रफ्तार से आंधी चल सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 28-30 मई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की काफी संभावना है।

 
 27-28 मई के दौरान केरल माहे, लक्षद्वीप में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की काफी संभावना है। 27-30 मई के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और रायलसीमा में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की छिटपुट संभावना है।  

दिल्ली में बारिश के आसार

दिल्ली में बुधवार को आसमान ज़्यादातर साफ़ रहेगा। कुछ जगहों पर लू चलने की स्थिति रहेगी। दिन के समय 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 44°C से 46°C और 27°C से 29°C के बीच रहने की संभावना है।

28 मई को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम/रात के समय गरज/बिजली कड़कने और 40-50 किमी की तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 42°C से 44°C और 28°C से 30°C के बीच रहने की संभावना है।  29 मई आसमान आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह या दोपहर के समय हल्की बारिश का एक दौर आ सकता है। इस दौरान 40-50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35°C से 37°C और 25°C से 27°C के बीच रहने की संभावना है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत